रतिया। गांव नागपुर में जल्द ही अस्थायी अग्निशमन केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए एक फायर ब्रिगेड वाहन की तैनाती की जाएगी। यह निर्णय विधायक जरनैल सिंह के प्रयासों के बाद लिया गया है। महानिदेशक अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
आदेश पत्र के अनुसार गांव नागपुर में फायर ब्रिगेड वाहन तैनात किया जाएगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिल सकेगा। विधायक जरनैल सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार सरकार का ध्यान इस ओर दिलाया था कि फतेहाबाद स्थित अग्निशमन केंद्र की दूरी 20 किलोमीटर से अधिक है, जिससे आपात स्थिति में समय पर सहायता पहुंचाना कठिन हो जाता है। इसी को देखते हुए नागपुर में अस्थायी रूप से अग्निशमन वाहन तैनात करने की मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय हरियाणा के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसमें प्रदेशभर में 59 नए अग्निशमन केंद्र स्थापित करने पर सहमति बनी। नागपुर में अग्निशमन केंद्र खुलने से गांव सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को त्वरित राहत मिल सकेगी। विधायक ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम नागपुर और आसपास के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है और क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर है।