जिले में कोरोना संक्रमण ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को चौंका दिया है। कोरोना संक्रमण के खतरनाक परिणाम सामने आ रहे हैं। अब तक जिले में 35 से 80 साल तक के बुजुर्ग की मौत हुई है लेकिन बुधवार को कोरोना संक्रमित 15 साल की लड़की की मौत ने स्वास्थ्य विभाग में खलबली मचा दी है। लड़की को पिछले 15 दिनों से बुखार की शिकायत थी और निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। यहां पर डॉक्टर टाइफाइड का उपचार दे रहा था। कोरोना का टेस्ट नहीं करवाया गया। बुधवार को हालत बिगड़ गई और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना रेफर कर दिया गया। यहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब शव को लेकर फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल पहुंची और यहां की टीम ने जब लक्षण के बारे में पता लगाया तो कोविड के मिले। आशंका के चलते कोरोना सैंपल लिया गया जांच के दौरान कोरोना की पुष्टि हुई।
फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को सूचना दी। परिवार के मुताबिक बच्ची को कोई पुरानी बीमारी नहीं थी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने प्राइवेट अस्पताल से उपचार को लेकर रिपोर्ट मांगी है।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा 100 के करीब पहुंचने वाला है। बुधवार को जिले में कोरोना संक्रमित जाखल निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग हिसार के निजी अस्पताल में दाखिला था और रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अब तक जिले में 97 मरीजों की मौत हो चुकी है। 25 दिनों में ही 38 मरीजों की मौत हो गई है। वहीं जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 8 नए मामले आए है। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद के दो स्वास्थ्य कर्मी और भूना में एक एएनएम संक्रमित मिली है। इसके अलावा भूना में 20 वर्षीय युवती, 50 वर्षीय महिला, नागरिक अस्पताल फतेहाबाद का कर्मचारी संक्रमित मिले हैं।
नागरिक अस्पताल में लड़की का शव आया था, जब मौत के कारणों पता किया तो पता चला कि कोविड के लक्षण थे। सैंपल लेकर जांच की गई तो कोरोना पॉजिटिव थी। उच्च अधिकारियों का बता दिया गया है। - डॉ.मेजर शरद तुली, नोडल अधिकारी फ्लू क्लीनिक नागरिक अस्पताल।
15 साल की लड़की की मौत हुई है उसे जब पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया तो यहां पर कोरोना टेस्ट किया गया। इसमें पुष्टि हुई है। फिलहाल अस्पताल जहां पर उपचार चल रहा था उससे हिस्ट्री मांगी गई है। अभी फिलहाल रिपोर्ट की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। ये जरूर है कि पहली बार सबसे कम उम्र की लड़की की मौत हुई है। - डॉ.हनुमान, उप सिविल सर्जन।