रतिया। अपने गांव जा रही युवती को एक युवक द्वारा बाइक पर लिफ्ट देने और रास्ते में 2 अन्य दोस्तों के साथ मिलकर छेड़खानी के मामले को लेकर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शहर के एक ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली युवती ने शहर थाना में मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि गत शाम करीब साढ़े 6 बजे जब वह शहर के नए बस स्टैंड पर खड़ी थी तो उनके गांव के एक युवक ने अपने बाइक को रोक लिया और गांव चलने के लिए बोल दिया।
युवती ने बताया कि युवक जान-पहचान होने के कारण वह उसके साथ बाइक पर बैठ गई, लेकिन रास्ते के गांव में पहुंचने के पश्चात न केवल वह उसके साथ गलत बातें करने लगा, बल्कि 2 अन्य दोस्तों से मिलाने की बात भी करने लगा। आरोप लगाया कि गांव से कुछ ही दूरी पर युवक ने अपनी बाइक को कच्चे रास्ते की तरफ उतार लिया और छेड़खानी करने लगा। इसी दौरान जब उसने बाइक से छलांग लगाकर भागने का प्रयास किया तो अन्य एक बाइक पर 2 युवक आ गए और उन्होंने मिलकर उसके साथ गलत हरकत की। इस दौरान उसने हिम्मत दिखाते हुए इसकी सूचना अपने भाइयों को दी तो कुछ देर बाद उसके भाई भी आ गए तो इन लोगों ने न केवल उसके भाईयों के साथ मारपीट की, बल्कि उसके साथ भी मारपीट की। जिसके चलते वह बेहोश हो गई। बेहोशी के बाद परिवार के लोगों ने ही उसे उपचार के लिए रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। बताया जाता है कि हालांकि इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी विवाद हुआ था और दूसरे पक्ष के युवक भी घायल हो गए थे। पुलिस ने युवती के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। इस मामले को लेकर महिला डेस्क इंचार्ज शिक्षा ने बताया कि युवती के बयानों के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है।