नागरिक अस्पताल में अभियान की शुरूआत करते अधिकारी
फतेहाबाद। सर्दी, खांसी, बुखार या गले में दर्द होने पर खुद ही एंटीबायोटिक दवा लेना और कुछ दिन में आराम मिलते ही दवा छोड़ देना भविष्य में गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है। दवाओं के इस तरह के गलत इस्तेमाल से बैक्टीरिया में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो रही है। नतीजा यह है कि जिन सामान्य संक्रमणों का इलाज पहले आसानी से हो जाता था, उनका उपचार भी भविष्य में मुश्किल हो सकता है। इसी खतरे को देखते हुए नागरिक अस्पताल में बुधवार को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (दवा प्रतिरोध) के खिलाफ जागरूकता सप्ताह की शुरुआत की गई। इस दौरान एसएमओ डॉ.सुभाष, डॉ.जेके मान, उप सिविल सर्जन मेजर डॉ.शरद तुली, डॉ.दीपिका, डॉ.संजू, डॉ.पंकज, डॉ.अंबादान, एसएनओ डॉ.रामरत्ती, रिंका समेत कई स्टाफ स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
18 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत मरीजों और अस्पताल कर्मचारियों को दवाओं के सही और सीमित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. मनीष टूटेजा ने कहा कि बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक लेना स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। दवाओं के अत्यधिक और गलत इस्तेमाल के कारण बैक्टीरिया दवाओं के प्रति प्रतिरोधी बन रहे हैं। इससे भविष्य में सामान्य बीमारियों का इलाज करना भी चुनौती बन सकता है।
सही इस्तेमाल से फायदा, लापरवाही से नुकसान
एंटीबायोटिक दवाएं जीवाणुओं से होने वाले संक्रमण के इलाज में कारगर होती हैं। इनका सही इस्तेमाल संक्रमण को नियंत्रित करने, गंभीर जटिलताओं से बचाने और मरीज की जान बचाने में मदद करता है। लेकिन बिना जरूरत इनका सेवन करने से दवाओं का असर कम होने लगता है। संक्रमण लंबे समय तक रह सकता है, इलाज महंगा हो सकता है और अधिक प्रभावी दवाओं की जरूरत पड़ सकती है।
-
डॉक्टरों ने दी ये सलाह
नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ.सुभाष ने लोगों से बिना पर्ची एंटीबायोटिक नहीं खरीदने, निर्धारित दवा का पूरा कोर्स करने, बची हुई दवाओं का दोबारा इस्तेमाल नहीं करने और किसी दूसरे व्यक्ति को अपनी दवा नहीं देने की अपील की। संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता और हाथों की नियमित सफाई पर भी जोर दिया गया।