फतेहाबाद। शिक्षा विभाग ने कक्षा दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए जिले को 19 हजार 684 टैबलेट अलॉट किए हैं। पांच मई को जिला मुख्यालय और खंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में 1824 विद्यार्थियों को टैबलेट बांट दिए गए। कार्यक्रम शुरू होने से पहले छात्रों को टैबलेट हाथों में थमा दिए गए। लेकिन उन्हें ये नहीं बताया गया कि टैबलेट को चलाना कैसे है।
जिला स्तर पर कन्या स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में ही छात्राएं टैबलेट के साथ माथा पच्ची करती रहीं। कन्या स्कूल की 499 छात्राओं को टैबलेट दिए गए और इसके अलावा 21 शिक्षकों को भी दिए गए हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि टैबलेट के बारे में पहले शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी और फिर ये शिक्षक विद्यार्थियों को बताएंगे की कैसे चलाना है।
टैबलेट में अपलोड है अवसर एप
छात्रों के लिए 10 इंच और 8 इंच टैबलेट आए हैं। इस टैबलेट में शिक्षक और विद्यार्थी के लिए अलग-अलग एप है, इसके अलावा अवसर एप भी है। शिक्षक ने जिस विषय के बारे में विद्यार्थी को पढ़ाना है उसका सलेबस ऑनलाइन मिलेगा। इसके अलावा टैबलेट के जरिये शिक्षक विद्यार्थियों को काम भी दे पाएंगे। टैबलेट चलाने के लिए दो जीबी डाटा भी मिलेगा।
कोट
टैबलेट मिल गए है लेकिन उन्हें नहीं बताया गया है कि ये कैसे चलेंगे। सुबह डिब्बा हमें दे दिया, जिसमें टैबलेट था। इसके अलावा हमें टैबलेट के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
-कौशल्या, छात्रा
टैबलेट को लेकर हमें पहले प्रशिक्षण देना चाहिए था। इसके बारे में बताना चाहिए था कि ये कैसे चलेगा। हमें ये भी नहीं पता है कि इसके अंदर क्या-क्या सॉफ्टवेयर है।
-सपना, छात्रा
टैबलेट से पढ़ाई में फायदा होगा, अगर इसका सही ढंग से प्रयोग किया गया तो विद्यार्थी को फायदा मिलेगा। कोरोना महामारी के दौरान उन्हें मोबाइल को लेकर परेशान होना पड़ता था, अभिभावक से मोबाइल मिलने के बाद ही पढ़ाई कर पाते थे।
-साक्षी, छात्रा
ऑनलाइन पढ़ाई के लिए टैबलेट फायदेमंद रहेगा। इसके अलावा अब हमारी पढ़ाई के प्रति रुचि भी बनेगी। सिम रिचार्ज का खर्च भी नहीं उठाना पड़ेगा। ऑनलाइन पढ़ाई को लेकर मां-बाप पर पहले आर्थिक बोझ पड़ रहा था।
-नेहा, छात्रा