टूर्नामेंट के विजेताओं को सम्मानित करते हुए सरपंच एवं अन्य। स्त्रोत आयोजक
रतिया। गांव मढ़ में पीर बाबा अकबर शाह के वार्षिक मेले में कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस ओपन टूर्नामेंट में हरियाणा और पंजाब की कई टीमों ने भाग लिया। फाइनल सूरेवाला और पीर बाबा अकबर शाह स्पोर्ट्स क्लब मढ़ की टीम के बीच हुआ। इसमें सूरेवाला टीम विजेता रही। 71 किलो भार वर्ग में कालवन की टीम ने पहला स्थान जीता और बुवान की टीम उपविजेता रही।
लड़कियों के ओपन कबड्डी मुकाबले में मतलोडा टीम विजेता रही, जबकि पंजाब के फिरोजपुर की टीम दूसरे स्थान पर रही। विजेताओं को ग्राम पंचायत की ओर से पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। लड़कों की ओपन कबड्डी विजेता टीम को 51,000 रुपये, उपविजेता टीम को 41,000 रुपये प्रदान किए।
प्रतियोगिता के बेस्ट रेडर और बेस्ट जाफी को 11-11 हजार रुपये दिए गए। लड़कियों की ओपन कबड्डी विजेता टीम को 15,000 रुपये, उपविजेता टीम को 11,000 रुपये और बेस्ट रेडर एवं बेस्ट जाफी को चांदी के सिक्के प्रदान किए गए। 71 किलो भार वर्ग की विजेता टीम को 21,000 रुपये और उपविजेता टीम को 15,000 रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए गए। इस अवसर पर सरपंच मलकीत कुमार, पंच डॉ. मंगा राम, डॉ. गौरव शर्मा, स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान गुरमीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।