राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोरखपुर।
फतेहाबाद। गांव गोरखपुर के राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राएं अब विज्ञान संकाय में भी पढ़ाई कर पाएंगी। शिक्षा विभाग ने इस स्कूल में साइंस स्ट्रीम शुरू करने की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। जिले में केवल गोरखपुर के ही इस सीनियर सेकेंडरी स्कूल को यह मंजूरी मिली है जिससे आसपास के क्षेत्र से पढ़ने के लिए आने वाली छात्राओं को भी फायदा मिलेगा। जिले के फिलहाल 42 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में विज्ञान संकाय है।
ग्राम पंचायत ने 19 मई को प्रस्ताव पारित कर चिंता जताई गई थी कि गांव के कन्या स्कूल में विज्ञान संकाय न होने के कारण, 10वीं कक्षा पास करने वाली होनहार छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए गांव से बाहर दूर-दराज के स्कूलों में जाना पड़ता था। इससे छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
पंचायत ने इस प्रस्ताव को निदेशक सेकेंडरी एजुकेशन, पंचकूला को भेजकर स्कूल में जल्द से जल्द साइंस स्ट्रीम शुरू करने की मांग की थी। ग्रामीणों की इस मांग पर तुरंत संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग ने अब आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
सरपंच डॉ. मनदीप योगी ने कहा ग्राम पंचायत ने शिक्षा विभाग के निदेशक को प्रस्ताव भेजा था। सरकार ने छात्राओं के भविष्य और गांव की इस जायज मांग को देखते हुए तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की और हमारी मांग पूरी कर दी। अब गांव की बेटियों को विज्ञान की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा जिससे उनका समय भी बचेगा।
-
50 फीसदी स्कूलों में है अभी विज्ञान संकाय
जिले के 50 फीसदी सरकारी स्कूलों में अभी विज्ञान संकाय है। जिले में 90 सीनियर सेकेंडरी स्कूल है इसमें 42 में ही विज्ञान संकाय है। ऐसे में मेडिकल और नान मेडिकल संकाय में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को दूर-दराज जाना पड़ता है।