फतेहाबाद। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के सरकारी स्कूलों में ‘विकसित भारत बिल्डथॉन 2025’ के तहत बिल्डथॉन के मुख्य भाग, लाइव इवेंट का नवाचार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का अवलोकन जिला विज्ञान विशेषज्ञ, जिला गणित विशेषज्ञ, एपीसी निहाल सिंह, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी जिला फतेहाबाद तथा डाइट मताना की टीम ने किया। जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने बताया कि इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पूरे देश में किया गया, जिसके तहत सोमवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक इस विशेष कार्यक्रम को हजारों बच्चों तथा अध्यापकों ने ऑनलाइन देखा।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया। कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत बिल्डथॉन का जिंगल भी सुनाया गया। उन्होंने बताया कि भारत से चुने हुए कुछ विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने विचार इसमें साझा किए तथा अपने कार्य की प्रगति के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि बिल्डथॉन जिले के स्कूलों के छात्रों को चार विषयों के तहत प्रारूप बनाने, डिजाइन तैयार करने और विकसित करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय ने देश में छठी से 12वीं कक्षा वाले सभी स्कूलों तक पहुंचने का प्रस्ताव रखा है। उन स्कूलों के प्रत्येक बच्चे को 2047 तक विकसित भारत के लिए विचार-मंथन का हिस्सा बनने के लिए प्रोत्साहित करेंगे, जो चार विषय चुने गए हैं। उनमें आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल और समृद्ध भारत शामिल है।