भूना से वाया हसंगा फतेहाबाद रोड पर परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने से छात्र छात्राओं व उनके अभिभावकों ने शुक्रवार को गांव नाढोड़ी के पास हसंगा भूना रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी सुबह 9 बजे से रोड जाम कर कर बैठे हुए हैं। पिछले सवा घंटे से पुलिस के अतिरिक्त कोई भी रोडवेज या प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। भीषण गर्मी में आक्रोशित विद्यार्थियों व अभिभावकों ने सड़क के बीच टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी है।
विद्यार्थी नरेश शर्मा, राजेंद्र सिंह बलजीत सिंह, सुरेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह कौशल्या, सावित्री, बबीता, किरण, मंजू ,अनीता व सुनीता ने बताया कि फतेहाबाद वाया हसंगा से भूना मार्ग पर कोरोना काल से पहले 27 से अधिक रोडवेज के रूट निर्धारित थे। रोडवेज की बसों का समय सारणी के अनुसार आना जाना अच्छे ढंग से हो रहा था। परंतु कोरोना काल के बाद उपरोक्त रूट पर पूरे दिन में मात्र चार बार रोडवेज बस आ रही है। इसलिए 5 गांव एवं ढाणियों के लोग परेशान हो रहे हैं। लेकिन इसका ज्यादा खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 2 दिन पहले बस में भीड़ होने के कारण खिड़की पर लटके हुए एक छात्र को नीचे गिरने से गंभीर चोटें आई हैं। इससे पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मांग की है कि फतेहाबाद वाया हसंगा भूना मार्ग पर कम से कम 15 बसों के रूट बहाल किए जाएं। इसके अतिरिक्त सुबह और शाम कॉलेज व स्कूलों की छुट्टी के दौरान अतिरिक्त बसें चलाई जाएं। वहीं रोड जाम के कारण फतेहाबाद और भूना आने-जाने वाले वाहन चालक फंसे हुए हैं। थाना अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि रोडवेज जीएम को मौके पर आने के लिए सूचना दे दी गई है