संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। नगर परिषद ने शहर के भूना रोड के जर्जर स्ट्रीट लाइट खंभे बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पिछले माह आई आंधी के कारण पुराना खंभे गिरने और भविष्य में दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पहले तकनीकी निरीक्षण होगा। इसके बाद पुराने खंभे हटाने और नए मजबूत खंभे लगाने का एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
भूना रोड पर करीब 18 पुराने स्ट्रीट लाइट खंभे लगे हैं। ये पुराने खंभे कमजोर और जर्जर हो चुके हैं। मौसम की मार, जंग और उम्र बढ़ने से उनकी मजबूती प्रभावित हुई है। तेज हवा या खराब मौसम में इनके गिरने का खतरा बना रहता है। करीब एक माह पहले आई तेज आंधी के दौरान इसी मार्ग पर एक स्ट्रीट लाइट खंभे गिर गया था।
उस समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ लेकिन व्यस्त सड़क होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद दीपक, प्रदीप, रोहताश, राम कुमार, प्रहलाद आदि दुकानदाराें ने नगर परिषद से जर्जर खंभे जल्द बदलने की मांग की। जिसके बाद नगर परिषद की ओर से गिरे खंभे को हटा दिया गया है। वहीं अब नगर परिषद पुराने खंभे हटाने के लिए निरीक्षण व जांच करने के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा।
नई सड़क बनने के बाद लगाए थे पुराने पोल
लोक निर्माण विभाग की ओर फतेहाबाद से भूना तक सड़क को 10 मीटर तक चौड़ा किया गया है। निर्माण कार्य के चलते शहर के डिवाइडरों पर लगी पुरानी स्ट्रीट लाइटों को उतार दिया गया था जिसके बाद अब करीब 250 नए पोल लगाए गए है। वहीं इसके साथ ही 18 पुराने पोल भी साथ लगाए है। पिछले माह आई आंधी के कारण भूना रोड पर ऑटो मार्केट के गेट नंबर दो के पास डिवाइडर पर लगा एक पोल गिर गया था। इस घटना के बाद से नगर परिषद की ओर से शहर के भूना रोड पर लगे 18 पुराने स्ट्रीट लाइट पोल को बदलने की तैयारी है। अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान हर पोल की स्थिति, मजबूती और उपयोग की क्षमता का आकलन किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर एस्टीमेट तैयार होगा। मंजूरी मिलते ही पुराने पोल हटाकर नए और अधिक मजबूत स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे ताकि सड़क पर सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था बेहतर हो सके।
-
शहर में पुराने 18 पोल को बदलने के लिए उच्च अधिकारियों से अनुमति मांगी गई है। इसके लिए निरीक्षण किया जाएगा। उच्च अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद पुराने 18 पोल को बदल दिया जाएगा।
-बृजलाल, जेई, नगर परिषद, फतेहाबाद।