भूना। गांव ढाणी गोपाल में बुधवार रात्रि को चोरों ने दो सगे सैनिक भाइयों के घर में घुसकर 20 लाख रुपये के जेवर व 85 हजार की नकदी चोरी कर ली। सैनिकों की मां बनारसी देवी ने पुलिस में शिकायत देकर चोरों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
शिकायत में बनारसी देवी ने बताया कि उसके दो बेटे मुकेश व राजेश कुमार भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। बुधवार रात को वह अपनी पुत्रवधू के साथ घर के आंगन में सोई हुई थी। सुबह करीब साढ़े 5 बजे नींद से उठकर देखा तो पीछे की खिड़की टूटी हुई थी और अंदर कमरों में सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। उन्हें घर में चोरी की आशंका हुई। जब कमरे के अंदर जाकर देखा तो संदूक एवं अलमारी खुली पड़ी थी और उनमें से जेवर व नकदी गायब थी। उनके अनुसार दोनों सैनिकों की पत्नियों व उसकी एक बेटी के करीब 27 तोले सोने के गहने व 20 तोले चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं, जिनमें मंगलसूत्र, झूमके, लॉकेट व अंगूठियां आदि शामिल हैं। वहीं घरेलू खर्च के लिए घर में रखी हुई 85 हजार की राशि भी चोर निकाल ले गए। थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि ढाणी गोपाल में चोरी से संबंधित शिकायत मिली है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।