अनाज मंडी शेड के नीचे आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर वुशू चैंपियनशिप के दूसरे दिन पुरुष वर्ग मुकाबलों में सोनीपत ने 2 गोल्ड, 1 कांस्य पदक के साथ अपना दबदबा बनाया। दूसरी तरफ महिला वर्ग मुकाबलों में मेजबान फतेहाबाद की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 रजत, 2 कांस्य पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई। दूसरे दिन के प्रात: कालीन सत्र मेें आईएमआई के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र सिवाच बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। इस दौरान समाजसेवी मनोज ढाका ने पुरुष वर्ग मुकाबलों का शुभारंभ किया।
सत्र समापन अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक प्रधान टेकचंद मिढ्ढा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए प्रतिभागी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में डॉ. अंजना डाबड़ा, डॉ. मीनू चौधरी, डॉ. मिनाक्षी बंसल बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इस मौके पर पाथ फाइंडर डांस एकेडमी की प्रशिक्षु छात्रा सोनिया, राधिका, हैया, जसप्रीत, टीशा आदि ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांधे रखा। हरियाणा में क्रिकेट जैसे चकाचौंध वाले दौर मेें भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने कबड्डी, बॉक्सिंग, कुश्ती और वुशू जैसे खेलों से अपने लगाव को बनाए रखा। खिलाड़ियों का इन खेलों के प्रति लगाव और हर छोटे-बड़े मुकाबले में जीत की प्रबल इच्छा शक्ति की बदौलत ही खिलाडी़ पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। इस अवसर पर राजवीर सिंह, गोबिन्द सिंह, प्रदीप कुमार, भूप सिंह, हवा सिंह, पाथ फाइंडर डांस एकेडमी संचालिका काजल चड्ढा, वुशू एसोसिएशन राज्य सचिव राजेश कुमार, जिला प्रधान आरएस चौहान, जिन्दगी संस्था प्रधान हरदीप सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
पुरुष-महिला वर्ग मुकाबलों के परिणाम
राज्य स्तरीय जूनियर वुशू चैंपियनशिप के दूसरे दिन पुरुष वर्ग मुकाबलों 40 किग्रा भार वर्ग में विशाल रोहतक ने गोल्ड, आशीश जींद ने रजत, हिसार के अमन व सुमित ने कांस्य पदक पाया। 45 किग्रा मुकाबलों में झज्जर के अमन ने प्रथम, फतेहाबाद के विकास ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 48 किग्रा में अमन सोनीपत ने गोल्ड व प्रवीन रोहतक ने सिल्वर पदक जीता। 52 किग्रा भार वर्ग मुकाबलों में सोनीपत के अंकित ने गोल्ड और झज्जर के कुनाल ने सिल्वर मेडल पाया।
महिला मुकाबलों में 40 किग्रा भार वर्ग के निर्णायक मुकाबले में जींद की ज्योति ने रोहतक की किरण को हराकर गोल्ड पदक जीता, जबकि फतेहाबाद की बाला व खुशबू को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। 45 किग्रा भार वर्ग में करनाल की सुदेश को गोल्ड जबकि फतेहाबाद की शर्मिला को सिल्वर मेडल मिला। 48 किलोग्राम भार वर्ग मुकाबलों में रोहतक की शिक्षा को गोल्ड, करनाल की सोनिया को सिल्वर व फतेहाबाद की सुदेश और सुनीता गुड़गांव को कांस्य पदक मिले। इसी प्रकार 52 किग्रा भार वर्ग के निर्णायक मुकाबले में भिवानी की भारती ने गोल्ड व फतेहाबाद की पुष्पा ने सिल्वर मेडल जीता।