फतेहाबाद। शहर के धर्मशाला रोड और तुलसीदास चौक से बारिश पानी निकासी के लिए संन्यास आश्रम रोड और जवाहर चौक में पाइप लाइन बिछाने का वीरवार को जनस्वास्थ्य विभाग ने काम शुरू किया तो इसका दुकानदारों ने विरोध कर दिया। संन्यास आश्रम रोड पर दुकानदार जेसीबी मशीन के सामने खड़े हो गए और काम शुरू नहीं करने दिया। दुकानदारों ने कहा कि सड़क उखाड़ी जा रही है जबकि इंटरलॉकिंग उखाड़कर पाइप लाइन डालने पर सहमति बनी थी। दुकानदारों के विरोध के चलते कर्मचारी जेसीबी वापस लेकर चले गए। बाद में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मामले की सूचना डीसी प्रदीप कुमार को दी।
डीसी ने पाइप लाइन डालने में बाधा पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दे दिए। इसके बाद दुकानदारों व पूर्व पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल डीसी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आरसीसी सड़क को उखाड़कर पाइपलाइन बिछाई जा रही है। अगर अब सड़क उखाड़कर पाइप लाइन डाली गई तो मानसून में दिक्कत होगी। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इंटर लॉकिंग उखाड़कर पाइपलाइन डाली जाएगी और साथ-साथ ठीक कर दिया जाएगा।
दुकानदार बोले, डेढ़ फुट चौड़ी पाइप से कैसे निकलेगा पानी
शहर के धर्मशाला रोड और तुलसीदास चौक से बारिश का पानी निकासी के लिए कन्या स्कूल में डिस्पोजल टैंक बनाया जा रहा है। डिस्पोजल टैंक से संन्यास आश्रम रोड के आधे हिस्से में पाइप लाइन बिछ चुकी है। अब संन्यास आश्रम रोड के आधे हिस्से से लेकर जवाहर चौक होते हुए चिल्ली झील में बने डिस्पोजल टैंक तक पाइप लाइन बिछाई जानी है। डेढ़ साल से पाइप लाइन बिछाने को लेकर विवाद चल रहा है। संन्यास आश्रम रोड के दुकानदार सड़क उखाड़ने के लिए तैयार नहीं है। दुकानदारों का कहना है कि यहां करीब डेढ़ फुट चौड़ी पाइपलाइन डाली जा रही है, इससे पूरे क्षेत्र का पानी जल्द निकलना मुश्किल है। मानसून आने वाला है और अब यदि सड़क उखाड़ी गई तो बारिश में हाल क्या होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। शहर के जवाहर चौक में इकट्ठे हुए दुकानदार गुरदीप सिंह, पूर्व पार्षद सुभाष पपिया, वीरेंद्र एडवोकेट, जिंदगी संस्था के हरदीप सिंह ने कहा कि पानी निकासी न होने के कारण धर्मशाला रोड का प्रोजेक्ट फेल हो चुका है और अब संन्यास आश्रम रोड, थाना रोड व जवाहर चौक को बदहाल किया जा रहा है।
33 लाख का है डिस्पोजल टैंक का प्रोजेक्ट
धर्मशाला रोड और तुलसीदास चौक से पानी निकासी के लिए 33 लाख से डिस्पोजल टैंक बनाया जा रहा है। टैंक में इस क्षेत्र का पानी जाएगा और फिर मोटर के जरिये चिल्ली क्षेत्र में बनाए गए डिस्पोजल टैंक में डाला जाएगा। यहां से पानी मोटर के जरिये रंगोई नाले में डाला जाएगा। रंगोई नाले तक आठ करोड़ रुपये की लागत से पहले ही पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है।
धर्मशाला रोड में जनस्वास्थ्य विभाग ने पानी निकासी के लिए प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया हुआ है। इस काम के पूरा होने के बाद शहर में जलभराव की स्थिति से छुटकारा मिलेगा। बारिश के मौसम से पहले विभाग यह कार्य पूरा करेगा। कुछ लोगों द्वारा अड़चन डालकर काम करने से रोका जा रहा है। यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस प्रोजेक्ट में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।
- प्रदीप कुमार, उपायुक्त
फतेहाबाद में पाइप लाइन डालने को लेकर इकट्ठे हुए दुकानदार व अन्य।- फोटो : Fatehabad