फतेहाबाद में नगर निकाय मंत्री विपुल गोयल से मिलते हुए चेयरमैन राजेंद्र सिंह खिंची स्त्रोत चे
फतेहाबाद। शहर के अटके कामों को नगर परिषद चेयरमैन राजेंद्र सिंह खिंची ने नगर निकाय मंत्री विपुल गोयल के सामने उठाया है। खिंची ने मंत्री को रुके काम गिनवाए और मांग पत्र सौंप उनको जल्द शुरू करवाने की मांग की है। हालांकि 20 दिन पहले ही नगर परिषद चेयरमैन राजेेंद्र सिंह खिंची और पार्षद काम न होने के बारे में 9 दिन तक धरना दे चुके हैं।
चेयरमैन के अनुसार नगर परिषद कार्यालय को लोक निर्माण विभाग ने जर्जर घोषित कर रखा है, इसलिए इसका निर्माण करवाया जाए। डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक का सुंदरीकरण, हुडा चौक पर गीता चौक का निर्माण, आजाद नगर में कम्युनिटी सेंटर का निर्माण, मिनी बाईपास पर साइकिल ट्रैक, रतिया रोड से मॉडल टाउन चौक पर संत दुर्बलनाथ का चौक और शहीद मदन लाल धींगड़ा चौक का निर्माण करवाया जाए।
इसके अलावा मॉडल टाउन में बीएसएनएल कार्यालय के सामने महाराणा प्रताप चौक, हिसार रोड व सिरसा रोड पर स्वागत द्वार, शहर के सभी चौराहों का मरम्मत कार्य करवाए जाए। चिल्ली झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग भी उठाई गई है। वहीं सिरसा रोड पर अप्रूव क्षेत्र तक दोनों साइड इंटरलॉक लगाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। खिंची ने शहर के बीघड़ चौक पर ट्रैफिक लाइट और नए बस स्टैंड तक और दूसरी तरफ सिरसा रोड पर नई अनाजमंडी स्ट्रीट लाइटें लगवाने की भी मांग रखी हैं।
कार्यकारी अभियंता न जेई
नगर परिषद कार्यालय में कार्यकारी अभियंता है और न ही जेई है। नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता लंबी छुट्टी पर हैं। सिरसा के कार्यकारी अभियंता को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। जिस कारण टेंडर नहीं लग पाए हैं। जेई के पांच में से तीन पद खाली पड़े हैं। पार्षदों के विरोध के बाद भी जेई लोकेंद्र का भूना तबादला किया जा चुका है।