गांव गोरखपुर में आयोजित प्रतियोगिता के लिए मैदान करवाते आयोजक समिति के सदस्य। आयोजक
फतेहाबाद। गांव गोरखपुर में 13 और 14 दिसंबर को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की याद में खेल मेला आयोजित किया जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसमें लड़कों और लड़कियों की अलग-अलग श्रेणियों में मुकाबले रखे गए हैं।
आयोजन समिति के प्रधान संयज शर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट की विजेता टीम को एक लाख 21 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 81 हजार रुपये से सम्मानित किया जाएगा। 13 दिसंबर को लड़कियों के नेशनल स्टाइल कबड्डी मुकाबले होंगे। वहीं लड़कों के 57 किलोग्राम वर्ग में भी जोरदार भिड़ंत देखने को मिलेगी।
पहले दिन कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. विरेंद्र सिवाच करेंगे। दूसरे दिन 14 दिसंबर को लड़कों के ओपन सर्कल कबड्डी के हैवीवेट मुकाबले होंगे, जिनमें आसपास के क्षेत्रों से टीमें भाग लेंगी। आयोजन समिति के सचिव बिंदर सिवाच ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर टीम गठन के लिए विशेष नियम बनाए गए हैं।
एक ग्राम पंचायत की टीम में बाहर के अधिकतम दो खिलाड़ी शामिल हो सकेंगे। प्रतियोगिता को निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। इन प्रतियोगिताओं में हरियाणा व पंजाब के खिलाड़ी भाग लेंगे। फाइनलिस्ट टीमों के अलावा हारने वाली टीमों के लिए भी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
हारने वाले टीमों को भी मिलेंगे पुरस्कार
सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को 31-31 हजार रुपये, क्वार्टर फाइनल में हारने वाली टीमों को 21-21 हजार रुपये तथा प्री-क्वार्टर फाइनल में हारने वाली टीमों को 11-11 हजार दिए जाएंगे। बाकी सभी टीमों को भी 3100-3100 की दी जाएगी। वहीं टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में बेस्ट रेडर और बेस्ट कैचर चुने जाने वाले खिलाड़ियों को इनाम में बाइक देकर सम्मानित किया जाएगा। इस बार ओपन श्रेणी में कुल 32 टीमें अपना दमखम दिखाएंगी।