फतेहाबाद। रतिया रोड पर गुरुनानकपुरा पुलिस चौकी के बाहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एसपीओ नरेंद्र को टक्कर मार दी। हादसे में ढाबी कलां निवासी नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक स्कॉर्पियो सहित मौके से भाग गया।
विज्ञापन
एसपीओ नरेंद्र डाक लेकर शहर थाना जाने के लिए चौकी से बाहर आए थे। इसी दौरान फतेहाबाद से रतिया की तरफ जा रही स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने घायल एसपीओ को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों और वाहन की रफ्तार की भी जांच की जा रही है।