फतेहाबाद शहर में पैदल गश्त करते पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन व पूलिसकर्मी। स्रोत: पुलिस पीआरओ
भट्टू कलां। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन मंगलवार दोपहर को कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायज़ा लेने और आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से भट्टूकलां पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन, आदमपुर रोड और मुख्य बाजार में पैदल भ्रमण कर पुलिस की उपस्थिति दर्ज कराई।
इस दौरान एसपी ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों से बातचीत की। वहीं भट्टूकलां पहुंचने पर पंचायत समिति वाइस चेयरमैन बंसीलाल, नत्थूराम सोनी ने उनका सम्मान किया। भ्रमण उपरांत, पुलिस अधीक्षक ने थाना भट्टू कलां का निरीक्षण किया। मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, रोजनामचा, रिकॉर्ड रूम और सीसीटीएनएस सिस्टम की जांच की।
उन्होंने ड्यूटी स्टाफ की उपस्थिति, ड्यूटी रजिस्टर और थाना परिसर की स्वच्छता का मूल्यांकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि गश्त को नियमित व व्यवस्थित रखा जाए, नाकाबंदी रणनीतिक स्थानों पर हो और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाए। किसी भी शिकायत को संवेदनशीलता और सम्मान के साथ सुना जाए तथा शिकायत का निस्तारण समयबद्ध हो।
एसपी जैन ने स्पष्ट कहा कि पुलिसिंग केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना भी उतना ही आवश्यक है। लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई होगी। निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में कदम और सज्जन नामक औषधीय व पर्यावरणीय महत्व के पौधों का रोपण किया।