फतेहाबाद। शहर की कई कॉलोनियों में बिजली की हाई वोल्टेज लाइन घरों की ऊपर से गुजर रही हैं। इन लाइनों के कारण हर समय हादसे होने की आशंका बनी रहती है। कॉलोनीवासी इस बारे में उपायुक्त से लेकर बिजली निगम तक गुहार लगा चुके हैं पर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। नीची बिजली की तारों के कारण लोग भवन निर्माण नहीं करवा पा रहे हैं।
शहर के बाहरी व अंदरूनी कालोनियों में से कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां बिजली की तार जमीन से मात्र 6 से सात फीट तक है। ये समस्या आदर्श नगर, शक्ति नगर और अग्रवाल कॉलोनी में बनी हुई है। शहर के भट्टू रोड पर स्थित आदर्श नगर के पास 220 केवीए सबस्टेशन बना है। आदर्श कॉलोनी से सबस्टेशन की सभी लाइनें गुजरती हैं। ऐसे में कॉलोनी के लोगों पर हर वक्त हादसे होने का खतरा बना रहता है।
सबसे ज्यादा खतरा आंधी व बारिश दौरान होता है। बारिश से घरों की दीवारों में सीलन आ जाती है जिससे इनमें करंट महसूस किया जाता है। इस कॉलोनी को चार वर्ष पहले गांव मताना से अलग करके फतेहाबाद की नगर परिषद से जोड़ा गया था। उस समय बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने की मांग की थी लेकिन आश्वासन मिलने के बाद भी शिफ्ट नहीं किया गया है।
-
30 वर्ष पहले बसी कॉलोनी में लाइन शिफ्ट करने का काम अधूरा
शहर की अग्रवाल कॉलोनी करीब 30 वर्ष पहले बसी थी। बिजली लाइन को शिफ्ट करने की मांग उसी समय से जारी है। इसके बाद पिछले साल अग्रवाल कॉलोनी की कई लाइनों को हटाया गया था लेकिन अभी भी कॉलोनी के कई घरों के छज्जे के बिल्कुल ऊपर से बिजली की तार गुजर रही है। लोगों ने अपनी सुरक्षा के लिए बिजली की तारों पर रबड़ की पाइप चढ़ाई हुई है ताकि करंट से सुरक्षा मिल सके।
-
घर के आंगन में लगे खंभे को भी नहीं हटाया
आदर्श कॉलोनी में एक घर के आंगन में लगा 11 हजार वोल्टेज की लाइन का खंभा भी बिजली निगम नहीं हटा पाया है। घर के छत को बिजली की तार छू रही है। घर के लोग छत पर नहीं जा सकते। पिछले चार वर्षों से आश्वासन मिल रहा है लेकिन अभी तक किसी भी अधिकारी ने इसकी सुध नहीं ली है। स्थानीय निवासी सुनीता देवी, विनोद, राय सिंह, बनवारी लाल, अमर सिंह और सुल्तान आदि ने बताया कि तार नीची होने से वे अपने खाली पड़े प्लॉटों में घर का निर्माण कार्य नहीं करवा पा रहे हैं। लेंटर लगाने की मशीन संचालक करंट लगने के डर से काम नहीं करता है। छत से मात्र एक या दो फीट व कहीं-कहीं तो ये तार छत पर टिकी हुई हैं।
-
:: अर्द्ध शहरी क्षेत्र की बिजली लाइनों को शिफ्टिंग करने की जानकारी मेरे पास नहीं है। न ही लाइन शिफ्ट करने का मामला संज्ञान में है। सोमवार को कार्यालय में आने के बाद इसकी जानकारी दूंगा।
-रिपनदीप सिंह, एसडीओ अर्द्ध शहरी बिजली निगम, फतेहाबाद।
-
:: अग्रवाल कॉलोनी सहित शहर की 18 खतरनाक बिजली लाइनों को पिछले साल शिफ्ट किया गया था। इसके अलावा शहर में जो भी बिजली की लाइन खतरनाक या असुरक्षित लगेगी उसको शिफ्ट किया जाएगा।
-रविंद्र, एसडीओ, शहरी उपमंडल, बिजली निगम, फतेहाबाद।