फतेहाबाद। गर्मी बढ़ने के साथ-साथ पानी की मांग बढ़ रही है। कहीं लोग पानी की बूंद को तरस रहे हैं तो कहीं इतना है कि उसकी बर्बादी की जा रही है। इसी पानी की बर्बादी को रोकने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सतपाल रोज और जिला सलाहकार शर्मा चंद लाली खुद तीन दिन से टीम के साथ फील्ड में हैं।
तीन दिन में विभाग ने फतेहाबाद शहर, भोड़िया खेड़ा, बनगांव, पीलीमंदोरी, ठुईयां और भट्टकलां क्षेत्र में 110 अवैध कनेक्शन काटे हैं। इसके अलावा 150 लोगों को कनेक्शन ठीक करवाने को लेकर नोटिस जारी किया है। इसके अलावा 90 पानी के कनेक्शनों को ठीक करवाया गया है।अधिकारियों का कहना है कि शहर में जहां सर्विस स्टेशन, मकान निर्माण में पानी को बर्बाद किया जा रहा है वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं भैंसों को नहलाया जा रहा है तो कहीं पर पीने के पानी सब्जियों की बिजाई की जा रही है। जब रोका जाता है तो विरोध हो रहा है और लोग बहस कर रहे हैं।
-
गांव और शहरों में हरा चारा, सब्जी, गाड़ी धोने के सर्विस स्टेशन में अवैध खुले चल रहे सभी कनेक्शनों को बंद करवाया जा रहा है ताकि जिले के हर घर को शुद्ध और पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी मिल सके।
-सतपाल रोज, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग
-
लोग जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझें और विभाग के नियमों का पालन करें। क्षेत्र में कई स्थानों पर असुरक्षित और अवैध कनेक्शनों की शिकायतें मिल रही हैं जिससे पाइप लाइनों में दूषित पानी मिलने का खतरा बना रहता है। लोगों से अपील है कि अपने कनेक्शनों को विभाग से नियमित करवाएं। यदि घर के आसपास कहीं भी पाइपलाइन में लीकेज दिखाई दे, तो तुरंत विभाग को सूचित करें ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके।
- शर्मा चंद लाली, जिला सलाहकार, जनस्वास्थ्य विभाग