फतेहाबाद। म्हारे तो गली म्ह झाड़ू लगाण आला भी कोणी आवे, गंदगी फैली रहवै सै। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सर्वे दौरान यह सब सुनने को मिल रहा है। सर्वे के तहत निकाय विभाग की ओर से फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, भूना और जाखल मंडी में करीब 20 कर्मचारियों को घर-घर भेजा गया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर केंद्र की टीम किसी भी दिन आ सकती है लेकिन इस बार जनता का फीडबैक अच्छा नहीं है ऐसे में सर्वेक्षण में नंबरों की कटौती तय है। प्रशासन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से शहर में स्वच्छता के बारे में सर्वे करवा रहा है और उन्हें फीडबैक के लिए जागरूक भी कर रहा है। लेकिन सर्वे दौरान सबसे ज्यादा लोगों को दिक्कत सफाई न होने से हो रही है।
भट्टू रोड क्षेत्र के लोग सफाई व्यवस्था के बारे में महिला स्वयं सहायता समूह को खरी-खोटी सुना भी रहे हैं। नगर परिषद भट्टू रोड तरफ की कॉलोनियों में सफाई का ठेका निजी एजेंसी को दिया हुआ है। हालात ये हैं कि हंस कॉलोनी, नहर कॉलोनी, स्वामी नगर क्षेत्र में सफाई के लिए कर्मचारी स्थाई रूप से जा ही नहीं रहे हैं। मोबाइल फोन पर भी लोग फीडबैक देने से भी कतरा रहे हैं।
निकाय विभाग की ओर से फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, भूना और जाखल मंडी में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी इस अभियान में लगाया गया है। कर्मचारी नागरिकों से मोबाइल फोन पर ओटीपी सत्यापन करवाकर फीडबैक भरवा रहे हैं लेकिन लोग इसमें खास रुचि नहीं दिखा रहे। जिले में अब तक फतेहाबाद से सबसे ज्यादा 2015 फीडबैक मिले हैंं, जबकि रतिया से 338, जाखलमंडी से 280, टोहाना से 497 और भूना से केवल 381 लोगों ने अपना फीडबैक दर्ज करवाया हैं। जबकि जिले में करीब 1.10 लाख घर हैं।
-
डंपिंग प्वाइंटों को नहीं हटा पाया नगर परिषद
शहर फतेहाबाद की बात करें तो नगर परिषद शहर के अंदर से सेकेंडरी कचरा प्वाइंटों को नहीं हटा पाया है। शहर के भट्टू रोड पर सिवाच अस्पताल के सामने, पुराना एसडीएम निवास के सामने, शिवालय मार्केट के सामने, थाना रोड पर पार्किंग सामने, बीघड़ रोड पर लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने, पुराना पीएनबी के सामने के क्षेत्र में कचरा डाला जा रहा है।
-
फतेहाबाद में यहां स्थिति चिंताजनक
- शहर के थाना रोड और रतिया चुंगी पर शौचालय बंद
- शहरों में रात के समय सफाई नहीं
- रविवार को मुख्य बाजारों में लग रहे कचरे के ढेर
- बाजारों में डस्टबिन तक नहीं
- गीला सूखा कूड़ा अलग अलग नहीं हो रहा।
पिछले साल ये मिली थी रेंकिंग
शहर स्टेट नेशनल
फतेहाबाद 4 70
टोहाना 51 455
रतिया 15 300
भूना 33 492
जाखल 27 495
-
स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर डोर टू डोर टीमें जागरूक कर रही है। लोगों को गीला और सूखा कचरे के बारे में बताया जा रहा है। लोगों से भी अपील है सफाई कार्य में प्रशासन का सहयोग करें और एप पर फीडबैक जरूर दें।
-कुमार सौरभ, इंचार्ज स्वच्छ भारत मिशन।