स्पेशल स्टाफ रतिया द्वारा आधा किलो अफीम के साथ आरोपी
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। स्पेशल स्टाफ रतिया ने पंजाब में आधा किलो अफीम की तस्करी करने जा रहे एक तस्कर को शहनाल रोड से काबू किया है। आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी चैन सिंह के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ रतिया थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
स्पेशल स्टाफ रतिया इंचार्ज रविश कुमार ने बताया कि टीम शहनाल रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति टीम को देखकर भागने लगा। शक के आधार पर व्यक्ति को काबू कर लिया। पूछताछ में व्यक्ति ने खुद की पहचान मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी चैन सिंह बताई। टीम ने जब जांच की तो पकड़े गए व्यक्ति के पास से आधा किलो अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मध्यप्रदेश से रतिया के रास्ते पंजाब में अफीम की सप्लाई करने के लिए जा रहा था। आरोपी को मंगलवार को रतिया पुलिस कोर्ट में पेश करेगी।