फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में एक्सरे के लिए रजिस्ट्रेशन करवाते हुए मरीज संवाद
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में बिजली सप्लाई में आए फाल्ट के कारण चर्म रोग विशेषज्ञ की ओपीडी को एक बार फिर नशा मुक्ति केंद्र में शिफ्ट करना पड़ा है। इसके बारे में ओपीडी के बाहर नोटिस भी चस्पा किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने अस्थायी व्यवस्था के तहत ओपीडी को नशा मुक्ति केंद्र में शुरू कर दिया है ताकि मरीजों का इलाज प्रभावित न हो।
अस्पताल के ई-उपचार सर्वर को चलाने के लिए भी वीरवार को प्रयास किया जा रहा था लेकिन तकनीकी खराबी के कारण व्यवस्था सुचारु नहीं हो सकी। करीब तीन माह से ई उपचार सर्वर बंद है और पर्ची कटवाने के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। यहां तक एक्सरे रिपोर्ट भी विशेषज्ञ को चिकित्सकों के मोबाइल नंबर भी भेजनी पड़ रही है।
चर्म रोग विशेषज्ञ की रोजाना होती है 200 मरीजों की ओपीडी
चर्म रोग विभाग में नियमित रूप से होने वाली ओपीडी प्रभावित हो गई। विभाग में रोजाना करीब 170 से 200 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी करीब पांच माह तक चर्म रोग विशेषज्ञ की ओपीडी नशा मुक्ति केंद्र में ही संचालित की गई थी। अब दोबारा वही स्थिति बनने से मरीजों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। मरीजों का कहना है कि बार-बार ओपीडी स्थान बदलने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है और कई बार सही जानकारी नहीं मिलने के कारण भटकना पड़ता है।
-
अगले सप्ताह शुरू होती है सकती है ओटी
नागरिक अस्पताल प्रशासन अगले सप्ताह ओटी शुरू कर सकता है। ओटी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ओटी शुरू हो सकती है। संक्रमण की जांच के लिए विभाग सैंपल लेगा। फिलहाल स्थिति ये है कि ओटी बंद होने से सामान्य ऑपरेशन बंद है और डिलिवरी केस भी अग्रोहा रेफर हो रहे हैं।
-
चर्म रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में बिजली सप्लाई में आए फाल्ट और एसी न होने से परेशानी हो रही है। गर्मी के कारण माइनर ऑपरेशन में भी दिक्कत हेाती है। जल्द ठीक कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। ई उपचार सर्वर भी जल्द शुरू हो जाएगा।
- डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन