भूना में थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई पत्थरबाजी को लेकर पीड़ित पक्ष का मौके पर बयान दर्ज करते
- फोटो : 1
भूना। शहर के वार्ड नंबर तीन में बनी जामा मस्जिद के गेट के सामने स्थित गली में सोमवार देर रात नकाबपोश 6 लोगों ने जमकर पत्थरबाजी कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
हमलावरों ने मस्जिद के मौलवी और उसके बेटे के घर के मुख्य द्वार और लाइटों को निशाना बनाया। इस घटना से मौलवी परिवार में भय का माहौल बन गया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर भूना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता जेबुन्निशा निवासी वार्ड नंबर 3 ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 दिसंबर की रात करीब 1.30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान 6 लोग घर के बाहर आए और मस्जिद व मकानों के सामने ईंट-पत्थर बरसाने लगे। आरोपियों ने उसके छोटे भाई ताहिर हुसैन के मकान पर चढ़कर दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया।
दरवाजा नहीं टूटने पर हमलावर गली में उतर आए और दोबारा पथराव शुरू कर दिया। पथराव में मस्जिद की लाइटें, दरवाजे और परिवार के कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा। शोर सुनकर ताहिर हुसैन ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। आसपास के लोग बाहर आए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। जेबुन्निशा का आरोप है कि घटना रात को हुई ओर सुबह थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों ने मौका मुआयना कर उन्हें थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा, जिसके बाद शिकायत दी गई।
पीड़िता के पिता व मौलवी रहीश अहमद ने बताया कि उनका परिवार वर्ष 1978 से मस्जिद के पास रह रहा है। मस्जिद आजादी के समय से बनी हुई है, जिसे 1978 में उन्होंने ही खुलवाया था। घटना के समय घर में पूरा परिवार मौजूद था और पथराव के बाद से सभी डरे हुए हैं। उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। उन्होंने बताया कि उनके बड़े बेटे तैयब हुसैन निजी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि छोटा बेटा ताहिर हुसैन भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है और पूर्व विधायक दुड़ाराम का समर्थक है।