फतेहाबाद। नगर परिषद प्रशासन सार्वजनिक शौचालयों को हाईटेक बनाने का दावे कर रहा है लेकिन जमीनी हकीकत ये है कि 10 हजार से ज्यादा दुकानदारों के लिए मुख्य बाजार में व्यवस्था ही नहीं है। शहर के पालिका बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, धर्मशाला रोड, हंस मार्केट, मोबाइल मार्केट, ठाकर बस्ती के दुकानदारों को शौचालय के लिए भटकना पड़ रहा है।
फिलहाल हालात ये है कि शहर के लालबत्ती चौक से लेकर जवाहर चौक तक सिर्फ एक ही शौचालय है। थाना रोड पर बना चाबी वाला शौचालय करीब एक साल से बंद है। इसको नगर परिषद ने जर्जर घोषित करके बंद कर दिया था। इससे पालिका बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, धर्मशाला रोड, हंस मार्केट के दुकानदारों को फायदा हो रहा था लेकिन अब इसे बंद करने के बाद दुकानदारों को परेशानी हो रही है।
शहर में पार्कों समेत 15 शौचालय हैं इसमें तीन को जर्जर घोषित करके बंद किया जा चुका है। इसमें नगर परिषद परिसर, रतिया चुंगी, थाना रोड का शौचालय शामिल है। रतिया चुंगी का शौचालय करीब तीन साल से बंद है।
-
मोबाइल मार्केट के दुकानदार जाएं तो कहां
नगर परिषद परिसर में शौचालय निर्माणाधीन है, भवन तैयार हो चुका है। शौचालय में प्लंबर संबंधित काम न होने से पालिका बाजार, मोबाइल मार्केट और लालबत्ती चौक क्षेत्र के दुकानदार परेशान है। हालात ये है कि नगर परिषद की दीवारों पर ही लोग लघुशंका कर रहे हैं।
-
सफाई के लिए नहीं व्यवस्था, शाम 7 बजे हो जाता है बंद
नगर परिषद ने तीन साल पहले शौचालयों को सफाई के लिए एजेंसी को ठेके पर दिया था लेकिन यह विवादों में रहा था। इसके बाद शौचालयों को ठेके पर नहीं दिया गया। हालात यह है कि नगर परिषद के कर्मचारी सफाई कर रहे हैं। दो शौचालयों को सफाई के लिए स्वयं सहायता समूह को ठेके पर दिया हुआ है। पुराना बस स्टैंड के सामने बने शौचालय के दरवाजे शाम 7 बजे बंद हो जाते हैं।
-
जिले के पांच शहरों में शौचालयों की स्थिति
शहर शौचालय
फतेहाबाद 12
टोहाना 11
रतिया 10
भूना 4
-
काफी समय से समस्या झेल रहे हैं। कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। थाना रोड पर चाबी वाला शौचालय बंद पड़ा है। लालबत्ती चौक से लेकर जवाहर चौक तक सिर्फ एक ही शौचालय है थाना रोड पर। दुकानदारों को भटकना पड़ रहा है।
-अशोक नारंग, प्रधान, व्यापार मंडल
-
शहर के पालिका बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, हंस मार्केट के दुकानदारों को शौचालय न होने से परेशानी हो रही है। इतनी बड़ी मार्केट है लेकिन यहां पर लघु शंका तक की व्यवस्था नहीं है। नगर परिषद डेवलपमेंट के नाम पर इतनी फीस ले रहा है लेकिन सुविधाएं न के बराबर है।
-अशोक सरदाना, दुकानदार
-
नगर परिषद कार्यालय में जो शौचालय है वह अब तक तैयार नहीं हुआ है। थाना रोड पर चाबी वाला शौचालय लंबे समय से जर्जर घोषित करके बंद कर दिया गया है। दुकानदार और ग्राहक दोनों परेशान हैं। लोगों को लघु शंका के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
- देवीलाल सोनी, दुकानदार
-
शहर में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है, जो पहले था उसे भी बंद कर दिया गया है। अगर नया नहीं बनाना था तो पहले वाले को क्यों बंद किया गया है। नगर परिषद को आबादी को देखते हुए पहले से ही कोई व्यवस्था बनाकर रखी चाहिए थी।
- देवेंद्र, दुकानदार
-
नगर परिषद कार्यालय का शौचालय जल्द शुरू हो जाएगा। दुकानदार भी इस समस्या के बारे में मिल चुके हैं। इस संबंध में तकनीकी शाखा के अधिकारियों से बात हुई है, जल्द काम पूरा हो जाएगा।
-सुरेश चौहान, ईओ, नगर परिषद
-
शौचालयों के न होने को लेकर दुकानदारों को परेशानी हो रही है, इसका समाधान करवाया जाएगा। इस संबंध में अधिकारियों से बात की जाएगी कि कब तक नगर परिषद कार्यालय का शौचालय शुरू हो जाएगा।
-राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान, नगर परिषद