प्रदर्शनी का अवलोकन करती टीम। स्रोत : शिक्षा विभाग
फतेहाबाद। पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा विभाग ने जिलास्तरीय पर्यावरण विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया। इसमें जिले के छह खंडों फतेहाबाद, भट्टू, जाखल, भूना, टोहाना और रतिया से 18 टीमों के विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी मॉडलों के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फतेहाबाद की छात्रा सिमरन प्रथम स्थान पर रही और 12 हजार का नकद पुरस्कार जीता।
इसके अलावा पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिजऱावां खुर्द की छात्रा अनामिका द्वितीय रही और 10 हजार की पुरस्कार राशि जीती। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनमंदोरी की छात्रा नैन्सी ने तृतीय स्थान पाया व 8 हजार की राशि जीती। प्रतियोगिता में जीएमएसएस भूना ने चौथा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका महाविद्यालय से आए हुए प्रोफेसर विजय सिंह, राजीव कुमार और अमनदीप सिंह ने निभाई। इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को उजागर करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता भी फैलाई।
विद्यार्थियों ने नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक के विकल्प बायोप्लास्टिक और जैव विविधता संरक्षण जैसे समसामयिक विषयों पर अपने मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों को शिक्षकों और अन्य विद्यार्थियों ने ध्यानपूर्वक देखा और बच्चों की वैज्ञानिक समझ व रचनात्मकता की सराहना की। प्रदर्शनी को सफल बनाने में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक फतेहाबाद के प्राचार्य कृष्ण कुमार ने सराहनीय भूमिका निभाई।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने बच्चो को ‘नौवैज्ञानिक’ से संबोधित किया और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश कुमार के प्रयासों से जिले में विज्ञान का प्रसार लगातार हो रहा है। उनके प्रयासों की बदौलत जिले के विद्यार्थियों की टीमों ने प्रदेश का नेतृत्व भी किया है जोकि विभाग के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर आयोजन टीम में सुनील कुमार, अंकित शर्मा, दीपक धमीजा और टीम का सराहनीय योगदान रहा।