भूना। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मंगलवार को फतेहाबाद रोड स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर हवन यज्ञ, रामायण पाठ, पूजा-अर्चना के साथ दिनभर भंडारे का आयोजन हुआ। सोमवार शाम को वाल्मीकि समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका के पूर्व चेयरपर्सन प्रतिनिधि मेवा सिंह वाल्मीकि ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। उन्होंने बतौर अतिथि भंडारे का शुभारंभ भी किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-पाठ में भाग लिया। वाल्मीकि समाज के युवाओं ने शोभायात्रा के आयोजन में विशेष भूमिका निभाई। यात्रा में झांकियों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के जीवन व रामायण के प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया, जिसे लोगों ने खूब सराहा। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई और समाज के लोगों का स्वागत किया गया।
मेवा सिंह वाल्मीकि ने बताया कि ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपने महापुरुषों के बारे में जानने का अवसर मिलता है और सामाजिक एकता को बल मिलता है।