भूना। अनाज मंडी के साथ लगती गली में टूटी पुलिया की मरम्मत नहीं होने पर दुकानदारों ने खुद ही काम शुरू कर दिया। नगर पालिका से इंटरलॉक टाइलें लेकर दुकानदार श्रमदान करते हुए इन्हें लगाने में जुट गए। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने पर दुकानदारों को यह कदम उठाना पड़ा।
विज्ञापन
दुकानदार संदीप यादव, रविन पूनिया, अजय कुमार, प्रदीप कुमार और राकेश कुमार ने बताया कि गली में पुलिया टूटने से दुकानदारों के साथ राहगीरों को भी परेशानी हो रही थी। यहां से गुजरने वाले लोगों को आवाजाही में दिक्कत आती थी। कई बार समस्या के समाधान की उम्मीद की गई लेकिन मरम्मत नहीं हुई।
आखिरकार दुकानदारों ने खुद जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया। वे नगर पालिका से इंटरलॉक टाइलें लेकर आए और उन्हें लगाने का काम शुरू कर दिया। दुकानदारों की इस पहल से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं इस मामले ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
विज्ञापन
नगर पालिका सचिव दीपक कुमार ने बताया कि उनके पास पुलिया की मरम्मत से जुड़ी कोई शिकायत नहीं आई थी। हालांकि उन्होंने इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।