फतेहाबाद। शहर के सेक्टर 9 में बनने वाले 200 बेड के नए अस्पताल की बिल्डिंग का प्रोजेक्ट नए साल में सिरे चढ़ने वाला है। सब कुछ ठीक ठाक रहा तो नए साल में सेक्टर 9 में बिल्डिंग बनाने का काम शुरू हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने सेक्टर 9 में 18 एकड़ में बनने वाले 200 बिस्तर के नागरिक अस्पताल की बिल्डिंग का बुधवार को दोबारा टेंडर लगा दिया। ये टेंडर 5 जनवरी को खोला जाएगा। पहले इसको लेकर टेंडर अगस्त माह में लगाया गया था, लेकिन मुख्यालय स्तर पर टेंडर को रद्द कर दिया गया था। इसके बाद प्रक्रिया लटकी रही। अब लोक निर्माण विभाग ने शर्तों में फेरबदल कर नए सिरे से टेंडर लगाया है। उम्मीद है नए साल में 5 जनवरी को टेंडर खोल दिया जाएगा। खास बात यह है कि अस्पताल की बिल्डिंग सात मंजिला होगी और इस पर करीब 234 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। लोक निर्माण विभाग ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए बिल्डिंग का नक्शा तैयार किया है। यहां पर हर बेड पर मरीजों को ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी। यही नहीं, अस्पताल में 6 ऑपरेशन थियेटर होंगे, इसके अलावा सिजेरियन डिलिवरी के लिए भी दो ऑपरेशन थियेटर बनेंगे।
------
जानिए कैसा होगा नया अस्पताल :
ग्राउंड फ्लोर
- ओपीडी
- माइनर आप्रेशन थियेटर
- सिटी स्कैन
-एक्सरे
------
प्रथम मंजिल
-ओपीडी
- डायग्नोस्टिक सेंटर
- शिशु रोग विशेषज्ञ ओपीडी
- लैबोरट्री
- आईपीडी
----
द्वितीय मंजिल
- कार्डियो विभाग
- आर्थो विभाग
- स्किन विभाग
- मनोचिकित्सक विभाग
- एसएनसीयू वार्ड
------
तृतीय मंजिल
- आप्रेशन थियेटर - 6
- आईसीयू
- लेबर आप्रेशन थियेटर - 2
------
चौथी मंजिल
- ब्लड बैंक
- डायलिसियस सेंटर
- महिला वार्ड
- ट्रेनिंग रूम
-------
पांचवी मंजिल
-प्राइवेट रूम
- स्पेशलिस्ट ओपीडी
- ट्रेनिंग हॉल
- जनरल वार्ड
-------
छठी मंजिल
आइसोलेश वार्ड - डेंगू, कोरोना, स्वाइन फ्लू
------
चार मंजिला होगा सर्विस ब्लॉक :
नए अस्पताल की बिल्डिंग में चार मंजिला सर्विस ब्लॉक होगा। इसमें रिकॉर्ड रूम , किचन, मैस की सुविधा होगी। इसके अलावा अलग-अलग कंट्रोल रूम भी इसमें बनेंगे।
-------
प्रशासनिक भवन भी होगा चार मंजिला :
नशा मुक्ति केंद्र, ओसीटी केंद्र प्रशासनिक भवन में होंगे। इसके अलावा पूरा सिविल सर्जन कार्यालय भी प्रशासनिक भवन में होगा। इसमें कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए अलग-अलग कार्यालय होंगे। इसके अलावा कांफ्रेंस रूम भी यहीं बनेगा।
-------
डॉक्टरों व स्टाफ के लिए होगी रिहायशी कॉलोनी :
नई बिल्डिंग में डॉक्टरों और स्टॉफ के लिए रिहायशी कॉलोनी भी बनाई जाएगी। इसके अलावा अधिकारियों के लिए यहां पर कोठी बनाई जाएगी। सीएमओ और उप सिविल सर्जन के लिए एक-एक कोठी होगी। सर्जन के लिए सात रिहायश्ी भवन बनेंगे। इसके अलावा मेडिकल ऑफिसर के लिए 21 क्वार्टर बनेंगे, अन्य स्टाफ के लिए 28 क्वार्टर बनाए जाने हैं।
-------
15 साल से कागजों में उलझा रहा ये प्रोजेक्ट :
अस्पताल की नई बिल्डिंग को लेकर दो मुख्यमंत्री घोषणा कर चुके हैं। वर्ष 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने फतेहाबाद में 100 बेड का अस्पताल बनाने की घोषणा की थी। वर्ष 2011 में जब तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह जब दोबारा फतेहाबाद में आए, तो उन्होंने इस घोषणा को दोहराया। इसी बीच इस योजना पर काम भी शुरू हो गया। हुडा के सेक्टर नौ में सिविल अस्पताल के लिए जगह भी प्रस्तावित कर दी गई। यहां तक कि सिविल अस्पताल ने नई बिल्डिंग का नक्शा बनाकर हुडा विभाग को भी भेज दिया। 30 दिसंबर 2014 को फतेहाबाद में आए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी 100 बिस्तर के अस्पताल की घोषणा की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की नई गाइडलाइन के मुताबिक इसे 200 बिस्तर का कर दिया गया। लेकिन इसी बीच जो जगह प्रस्तावित की गई वहां से हाईटेंशन तार निकलने के कारण मामला फंसा रहा। लोक निर्माण विभाग ने दोबारा नक्शा तैयार कर मुख्यालय को भेजा। इसके बाद सरकार ने भी इस प्रोजेक्ट को फाइनेंशियल मंजूरी दे दी।
---------
फतेहाबाद के सेक्टर 9 में नए अस्पताल की बिल्डिंग बननी है। अस्पताल की बिल्डिंग को लेकर दोबारा टेंडर लगाया गया है। ये टेंडर 5 जनवरी को खोला जाएगा।
- जसवंत सिंह, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग