टोहाना की इंदिरा कॉलोनी की सड़क पर भरा बारिश का पानी।
- फोटो : Fatehabad
टोहाना/जाखल। जिले में मंगलवार को टोहाना व जाखल क्षेत्र में बारिश हुई। टोहाना में सात एमएम जबकि जाखल में छह एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते टोहाना शहर के निचले इलाकों में पानी जमा होने से आमजन की परेशानियां बढ़ गई। वहीं, इंदिरा कॉलोनी में स्कूल जाने वाले बच्चों को बारिश के पानी से होकर जाना पड़ा। बच्चों व आसपास के दुकानदारों ने प्रशासन से पानी निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
इंदिरा कॉलोनी के निवासी लक्की कंबोज, विक्की जिंदल आदि ने कहा कि नगर परिषद द्वारा उनकी सड़क का निर्माण करने से पहले सड़क को तोड़कर रोड़ा डाला गया था। मगर अभी तक सड़क नहीं बन पाई है, जिसके चलते हल्की सी बारिश में भी गंदा पानी जमा हो जाता है। यहां प्राइमरी स्कूल होने के चलते बच्चे बारिश के पानी से निकलकर जाते हैैं। इस कॉलोनी के बच्चे अनाज मंडी स्थित राजकीय स्कूल से जब शिक्षा ग्रहण करके आते है तो उन्हें भी ऐसे समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि बारिश के पानी की निकासी की समस्या का हल करना चाहिए। इसके साथ नगर परिषद शीघ्रता से इस सड़क का कार्य पूरा करवाए ताकि आमजन की समस्याओं का हल हो सके। इसके अलावा शहर के रतिया रोड, जमालपुर रोड, शहीद चौक सहित कुछ जगहों पर बारिश का पानी जमा हो गया।