फतेहाबाद। जिले में जर्जर हालात में पड़ी नहरों की काडा विभाग मरम्मत करेगा। इसके लिए विभाग की ओर से करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। यह टेंडर 8 जनवरी को खोला जाएगा और जो एजेंसी इस काम के लिए आगे आएगी, उसे काम का भार दे दिया जाएगा।
काडा की ओर से फतेहाबाद में जर्जर हो चुकी 7 नहरों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इनमें से एक नहर के नीचे पाइप लाइन बिछाई जाएगी, ताकि बारिश व बाढ़ के समय पानी को निकाला जा सके। काडा विभाग की ओर खेड़ी डिस्ट्रीब्यूटरी की 107.39 लाख, पिरथला डिस्ट्रीब्यूटरी की 138.54 लाख, फतेहाबाद डिस्ट्रीब्यूटरी की 147.63 लाख, बनावाली माइनर की 32.91 लाख, फतेहाबाद ब्रांच नहर की 66.73 लाख, धारसूल डिस्ट्रीब्यूटरी की 48.27 लाख व रामपुरा माइनर की 55.74 लाख रुपये की लागत से मरम्मत की जाएगी। ज्ञात रहे कि पिछले लंबे समय से इन नहरों की मरम्मत नहीं हो पाई थी। नहरों के किनारे टूटने लगे थे और ईंटें भी उखड़ने लगी थी। इसी को देखते हुए काडा विभाग ने इन नहरों की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार किया था, जिसे सरकार ने मंजूर कर लिया। काडा विभाग की ओर से अब इन नहरों की मरम्मत के लिए ऑनलाइन टेंडर जारी कर दिए गए हैं। यह टेंडर 8 फरवरी को खोले जाएंगे।
-नहरों की मरम्मत के लिए काडा की ओर से टेंडर जारी कर दिए गए हैं। 7 नहरों का टेंडर जारी हुआ है और अन्य नहरों की मरम्मत के लिए भी एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। गर्मी आने से पहले नहरों की मरम्मत कर दी जाएगी।
-
जगबीर पुनिया, एसडीओ, काडा।