फतेहाबाद। धोखे से बैंक खाता खुलवाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। आखिरकार महिला द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। महिला ने शिकायत वापस ले ली है, पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। मंगलवार को समझौते को लेकर प्रयास चल रहे थे और पुलिस से समय मांगा गया था। मामले में महिला ने एक पार्षद और उसके साथी पर आरोप लगाए थे।
वहीं मामले में समझौता होने के बाद चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है। बताया जा रहा है कि धोखे से बैंक खाता खुलवाकर क्रिकेट सट्टे को लेकर लेनदेन किया जा रहा था। मामले के मुताबिक तीन दिन पहले फतेहाबाद निवासी एक महिला ने गुरुनानकपुरा चौकी पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि एक पार्षद और उसके साथी ने धोखे से उसका बैंक खाता खुलवाया गया। उसे संदेह है कि बैंक खाते में अवैध लेनदेन किया गया है। बताया ये भी जा रहा है कि बैंक खाते में 20 लाख रुपये से ज्यादा का लेनदेन किया गया। बैंक ने भी ज्यादा लेनदेन पर नोटिस जारी किया था।
-
महिला द्वारा शिकायत दी गई थी। दोनों पक्षों को बुलाया गया था लेकिन मामले में अब समझौता हो गया है और महिला ने शिकायत वापस ले ली है।
- राधेश्याम, इंचार्ज गुरुनानकपुरा चौकी