फतेहाबाद। ई-दिशा केंद्र में एक एसी बंद होने से 150 लोग परेशान हो गए। एसी बंद होने से गर्मी में ई-दिशा केंद्र का सर्वर ठप हो गया। पूरे दिन में मात्र छह रजिस्ट्री ही हो पाई। बाकी लोगों को बिना रजिस्ट्री करवाए ही लौटना पड़ा। भीषण गर्मी में रजिस्ट्री करवाने आए लोग दिनभर सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे।
पिछले दो दिनों की सरकारी छुट्टी होने के चलते रजिस्ट्री का कार्य बंद था। सोमवार को ई-दिशा केंद्र पर लोगों की ज्यादा भीड़ थी। मगर रजिस्ट्री कार्य प्रभावित रहा। कर्मचारियों ने लोगों को बताया कि ई-दिशा केंद्र में इंटरनेट के कमरे का एसी खराब हो गया। इस कारण सर्वर ठप हो गया। इससे रजिस्ट्री सहित इंतकाल की नकल निकालने का काम बंद रहा।
-
वाटर कूलर भी खराब पड़ा, ठंडा पानी नहीं मिल रहा
कर्मचारियों ने इंटरनेट की कमी बताकर पल्ला झाड़ लिया, लेकिन करीब 150 लोगों की एकदम से मुश्किलें बढ़ गई। ई-दिशा केंद्र के परिसर में लोगों तो ठंडे पानी तक की सुविधा नहीं मिल रही है। वाटर कूलर तो लगा है, लेकिन वह खराब होने से उसमें ठंडा पानी नहीं है। वहीं, ई-दिशा केंद्र के प्रतीक्षालय में आने वाले लोगों को राहत मिलें, इसलिए प्रशासन ने वहां पर तीन एसी लगवा रखे हैं। मगर वे भी काफी समय से बंद पड़े हैं। रजिस्ट्री न होने के कारण लाखों रुपये के राजस्व का भी नुकसान हुआ है। काफी लोग दोपहर बाद तक सर्वर चलने का इंतजार करके बिना रजिस्ट्री करवाए ही लौट गए।
-
रोजाना होती हैं 50-60 रजिस्ट्री
ई-दिशा केंद्र के कर्मचारियों के अनुसार सुबह से इंटरनेट बंद हाेने के कारण रजिस्ट्री का काम नहीं हो सका। दोपहर के समय कुछ मिनटों के लिए इंटरनेट चला था। सोमवार को सिर्फ छह ही रजिस्ट्री हो पाई है। मगर सामान्य दिनों में ई-दिशा केंद्र में रोजाना 50 से 60 रजिस्ट्री होती है। सोमवार को भी 65 टोकन काटे गए थे। अब लोगों को मंगलवार को बुलाया गया है।
94 वर्षीय बुजुर्ग को भी झेलनी पड़ी परेशानी
गांव अहलीसदर निवासी 94 वर्षीय शरणी देवी व्हील चेयर पर बैठ कर ई-दिशा केंद्र में रजिस्ट्री के काम से आई थी। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक इंतजार करने के बाद भी उनका काम नहीं हुआ। भीषण गर्मी में शरणी देवी को अब दोबारा आना पड़ेगा।
-
तीन दिन से काट रहा हूं चक्कर
मैंने अपना मकान बेच दिया था। उसकी रजिस्ट्री करवाने के लिए तीन दिन से ई-दिशा केंद्र के चक्कर लगा रहा हूं। सोमवार को जब टोकन कटवा कर ई-दिशा केंद्र में पहुंचा तो कर्मचारियों ने कहा कि सर्वर बंद पड़ा है। रजिस्ट्री नहीं हो पाएगी।
राजकुमार, निवासी, फतेहाबाद
न पानी की सुविधा और न ही काउंटर के पास बैठने की
इंतकाल के लिए ई-दिशा केंद्र में पहुंचा था, लेकिन वहां पर न तो काउंटर के पास कोई बैठने की सुविधा थी और न ही पीने के पानी का प्रबंध था। कर्मचारी बोल रहे थे कि थोड़ी देर तक काम हो जाएगा, लेकिन सुबह से शाम हो गई, फिर भी काम नहीं हो पाया।
हवासिंह, निवासी, गांव भूथन कलां
-
घंटों किया इंतजार, नहीं हुआ काम
इंतकाल की नकल निकलवाने के लिए ई-दिशा केंद्र में आया था। काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन काम नहीं हो पाया है। अब दोबारा आना पड़ेगा। प्रशासन को व्यवस्थाओं में सुधार करवाना चाहिए ताकि लोग परेशान न हों।
बिंद्र सिंह, निवासी, गांव करनौली
-
मैं चुनाव ड्यूटी में व्यस्त था। मगर कार्यालय के कर्मचारियों ने उन्हें बताया था कि इंटरनेट नहीं चल रहा है। जिस कारण रजिस्ट्री के काम में दिक्कत आ रही है। इंटरनेट संबंधित विभाग को इसकी सूचना दे दी गई थी। मंगलवार से काम रोजाना की तरह सुचारू रूप से चलेगा।
कृष्ण कुमार, नायब तहसीलदार, फतेहाबाद