रतिया। पैसे के लेन-देन को लेकर गांव नीमड़ी में एक नौकर ने मालिक पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मालिक नरोत्तम दास को उपचार के लिए रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल हुए मालिक के बयान पर नौकर भूरा सिंह निवासी तामसपुरा के खिलाफ मारपीट के अलावा जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता नरोतम दास ने बताया कि उसकी गांव नीमड़ी में जमीन पर मकान आदि भी बना हुआ है। उसमें उसने भैंसों का नोहरा बनाया हुआ है। उन्होंने बताया कि भैंसों की देखभाल के लिए उसने तामसपुरा के भूरा सिंह को नौकरी पर रखा हुआ है। जब वह अपनी भैंसों की देखभाल करने के लिए अपने दोस्त जोगी राम के साथ नोहरे में गया तो नौकर उससे पैसे मांगने लगा। घायल ने बताया कि उसने अपने नौकर को मात्र यही बात कही थी कि उसने पैसे दो दिन पहले भी उसे दिए थे, जिसको लेकर वह तैश में आ गया और नोहरे से कस्सी लाकर उस पर हमला कर दिया। नरोतम ने आरोप लगाया कि नौकर उसके सिर पर ही वार कर रहा था, लेकिन उसके दोनों हाथ सिर पर होने के कारण बुरी तरह चोटिल हो गए। अधिक चोट लगने के कारण पहले उसे रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया था, बाद में अग्रोहा रेफर कर दिया। पुलिस ने नौकर के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।