ब्लैक फंगस बीमारी से जिले में सोमवार को दूसरी मौत हो गई है। गांव नाढोड़ी निवासी व्यक्ति की सोमवार शाम को मौत हो गई है। एक दिन पहले ही व्यक्ति ब्लैक फंगस बीमारी से पीड़ित मिला था और नागरिक अस्पताल से अग्रोहा मेडिकल के लिए रेफर किया गया था। परिवार के लोग मरीज को घर ले गए और यहां पर मौत हो गई।
अहम बात यह है कि डायबिटीज की कोई हिस्ट्री सामने नहीं आई है और कोरोना रिपोर्ट भी निगेटिव थी। डॉक्टरों के मुताबिक एक सप्ताह पहले आंख और नाक के पास दर्द शुरू हुआ था जो कि बढ़ गया और सूजन आ गई। रविवार को परिवार के लोग नागरिक अस्पताल में लेकर आए। यहां पर जांच की गई तो ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रेफर कर दिया था, लेकिन हालत ज्यादा नाजुक होने के कारण परिवार के लोग घर ले आए। यहां पर मौत हो गई। जिले में ब्लैक फंगस से दूसरी मौत हुई है।
जिले में ब्लैक फंगस की स्थिति :
मरीज मिले : 13
रविवार को केस मिले : 3
अब तक मौत : 2
ब्लैक फंगस के तीन नए मरीज मिले
सोमवार को ब्लैक फंगस के जिले में तीन नए मामले सामने आए हैं। गांव सारंगपुर निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। मरीज निजी अस्पताल में उपचार के लिए आया था, जिसे नागरिक अस्पताल में भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक मरीज दो साल से शुगर बीमारी से पीड़ित है लेकिन कोरोना संक्रमित नहीं हुआ है। जिले में अब तक 13 मरीज मिल चुके हैं।
बयान ---
गांव नाढोड़ी निवासी व्यक्ति की मौत हो गई है। एक दिन पहले ब्लैक फंगस पीड़ित मिला था और हालत गंभीर थी। सोमवार को ब्लैक फंगस पीड़ित तीन मरीज मिले हैं।
- डॉ. जय प्रकाश, ईएनटी।