कार्रवाई के बाद कई मेडिकल स्टोर से दवाइयों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए। नए बस स्टैंड के पास स्थित हरिओम मेडिकल स्टोर के संचालक के बेटे की जेब से सैकड़ों नशीली गोलियां बरामद की गई।
टीम ने उक्त मेडिकल हॉल को सील कर दिया है। छापा मारने आए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मेडिकल संचालक व उसके बेटे के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज करने के लिए पुलिस को शिकायत भी दी है।
इलाके के कुछ मेडिकल स्टोर्स पर रिकॉर्ड पूरा न होने पर उन्हें भी नोटिस दिया गया है। विभाग की कार्रवाई से मेडिकल संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। कई दुकान संचालक अपनी दुकानें बंद कर भाग गए।
टीम का नेतृत्व डीआई रमन श्योराण, एसएमओ वीके जैन, थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कई दिनों से नशे का व्यापार करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी के तहत पुलिस की टीमें नशा बेचने वालों व करने वालों पर विशेष निगरानी रख रही है। इसी के दौरान बुधवार को पुलिस के हाथ बस स्टैंड के पास एक नशेड़ी लगा।
उसके पास कुछ नशीली गोलियां भी थी। पूछताछ करने पर उसने कुछ मेडिकल संचालकों का नाम उजागर किया। जिनसे वह पिछले कुछ दिनों से नशीली दवाइयां खरीद रहा था।
स्टोरों की सूचना मिलते ही पुलिस ने इसकी जानकारी ड्रग विभाग व स्वास्थ्य विभाग को दी। जिसके बाद तीनों विभागों ने संयुक्त रूप से छह टीमें गठित कर बुधवार सुबह ही रतिया बस स्टैंड के समीप भगत सिंह चौक, संजय गांधी चौक व नए बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए एक साथ कई मेडिकल स्टोर पर छापे मारे।
मेडिकल संचालक के बेटे की जेब से मिली सैकड़ों नशीली गोलियां
इस दौरान टीम को बस स्टैंड के समीप स्थित हरिओम मेडिकल हाल पर टीम को संचालक की अनुपस्थिति में उसके बेटे राहुल की जेब से 420 नशे की गोलियां बरामद हुई।
ड्रग विभाग के इंस्पेक्टर रमन श्योरान ने तुरंत मेडिकल को सील कर संचालक व उसके बेटे के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी।
रमन श्योराण ने बताया कि इस स्टोर पर उन्होंने करीबन दो साल पहले भी छापा मारा था तब भी मेडिकल को सील कर किया था। फिर बुधवार को जांच के दौरान संचालक शेरा राम के बेटे राहुल से जांच के दौरान 420 नशीली गोलियां बरामद हुई ।
फार्मासिस्ट एसो के पूर्व प्रधान को नशीली दवाइयां सप्लाई करने वाला भी काबू
टोहाना। गत दिनों रामनगर में फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सुरजीत के घर मिले नशीली दवाइयों के जखीरे के बाद आरोपी के एक और साथी को भी सीआईए स्टाफ पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से न्यायिक हिरासत में हिसार भेज दिया गया। सीआईए इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि दशमेश मेडिकोज संचालक को उसका साथी रामनगर निवासी कृष्ण उर्फ गोभी दवाइयां सप्लाई करता था।
10 दिसंबर की रात्रि को ड्रग कंट्रोलर व सीआईए स्टाफ टीम ने रामनगर में कार्रवाई कर फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रधान सुरजीत के घर पहली मंजिल पर बनी रसोई में रखे कूलर व अलमारी में लगभग दस लाख कीमत की नशीली दवाईयां बरामद की थी। उसकी दुकान को सील कर दिया गया था।
साढ़े पांच ग्राम स्मैक के साथ काबू
टोहाना। सीआईए स्टाफ पुलिस ने साढे़ पांच ग्राम स्मैक सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी एएसआई गुरनाम सिंह ने बताया कि मंगलवार देर शाम गश्त के दौरान किल्ला मोहल्ला निवासी उन्हें देखकर भागने लगा।
उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से साढे़ पांच ग्राम स्मैक मिली। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वीरवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।