एसडीएम सुरेंद्र सिंह टोहाना रोड पर अतिक्रमण हटवाते हुए।
रतिया। शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर सख्ती दिखाते हुए एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने वीरवार को पुलिस प्रशासन की टीम के साथ टोहाना रोड, संजय गांधी चौक और मुख्य सड़कों पर पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों को कहा कि वे सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।
इस दौरान एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और चालान भी काटे जाएंगे। इस दौरान उन्होंने यातायात पुलिस को सड़क पर खड़े वाहनों के चालान काटने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं बल्कि शहर में सुचारू व्यवस्था बनाए रखना है। इसके लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को भी बुढलाडा रोड व फतेहाबाद रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था एक दिन बाद एसडीएम ने वीरवार को फिर से अभियान चलाया है। इस अवसर पर नगर पालिका सचिव शुभम कुमार, ओंकार सिंह, मुकेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।