फतेहाबाद में कड़ाके की ठंड में स्कूल बस का इंतजार करते नौनिहाल।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। जिले के प्राइवेट स्कूल संचालकों ने सोमवार को मुख्यमंत्री के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए स्कूल खुले रखे। इससे नौनिहालों को ठंड में परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद शिक्षा विभाग ने सोमवार से शीतकालीन अवकाश करने का एलान किया था, लेकिन जिले के अधिकतर प्राइवेट स्कूलों ने इन नियमों को न मानते हुए अपने स्कूलों को खुला रखा। बाद में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश शर्मा ने औचक निरीक्षण कर खुले हुए स्कूलों को बंद करवाया। स्कूल संचालकों की स्कूल खोलने की जिद तब थी जब सोमवार सुबह कड़ाके की ठंड और गहरी धुंध के चलते लगभग जीरो दृश्यता थी। स्कूल संचालकों की जिद के चलते छोटे छोटे बच्चे भी अपने अपने स्टैंड पर ठिठुरते हुए स्कूल बसों का इंतजार करते देखे गए। शहर के अंदर धुंध के चलते जीरो दृश्यता थी तो बाहर ग्रामीण इलाकों में तो धुंध की गंभीरता का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
शिक्षा विभाग के आदेश रविवार सुबह ही आ गए थे कि सोमवार से प्राइवेट व सरकारी स्कूलों में अब दो दिन का अवकाश है और एक जनवरी से पूर्व निर्धारित शीतकालीन अवकाश रहेगा। लेकिन जिले के निजी स्कूल संचालकों ने रविवार दोपहर को ही तय कर लिया था कि सोमवार को पहले की भांति स्कूल खोले जाएंगे। दरअसल जिले के स्कूल संचालकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप है जिसमें अवकाश का लेटर आने के बाद सभी स्कूल संचालकों ने एक सुर में सर्वसम्मति से स्कूल खोलने का निर्णय ले लिया। इसके पीछे तर्क दिया गया कि बच्चों को अभी तक शीतकालीन अवकाश का होमवर्क नहीं दिया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कई स्कूलों का किया निरीक्षण
फतेहाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश शर्मा ने निजी स्कूलों के खुले होने की सूचना मिलते ही कई स्कूलों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कई स्कूल खुले मिले जिसके बाद उन्होंने स्कूल संचालकों को झाड़ पिलाई और स्कूल के विद्यार्थियों को घर भेजकर स्कूलों में अवकाश घोषित करवाया।
अगले 15 दिन तक दस से नीचे रहेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की मानें तो अगले 15 दिन तक न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे ही रहेगा और अधिकतम तापमान भी 15 डिग्री से अधिक नहीं जाएगा। इतना ही नहीं, 7 जनवरी से लेकर 9 जनवरी तक बारिश की संभावना है जिसके चलते धुंध का असर तो कम हो सकता है, लेकिन ठंड में बढ़ोतरी होनी तय है। पिछले एक सप्ताह से फतेहाबाद का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे चल रहा है जिसके चलते वातावरण में ठिठुरन लगातार बढ़ रही है।
वर्जन
मेरी जानकारी में आया था कि आठ-दस स्कूल खुले हुए हैं। सरकार के आदेश के चलते 11 बजे तक खुले सभी स्कूलों को बंद करवा दिया गया। कल दोबारा जांच की जाएगी।
- सुरेश शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।