फतेहाबाद के भट्टू रोड पर स्कूल वैन में लगी आग
फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड पर बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे स्कूल वैन में आग लग गई। वैन में से धुंआ निकलता देख विद्यार्थियों को बाहर निकाला गया। इस घटना से विद्यार्थी सहम गए। वैन चालक ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई टीम के साथ शारदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पहुंचीं और घटना के बारे में जानकारी ली। आग लगने का कारण प्राथमिक स्तर पर शॉर्टसर्किट माना जा रहा है।
भट्टू रोड स्थित शारदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वैन गांव दौलतपुर, हिजरावां कलां से विद्यार्थियों को लेकर करीब सवा आठ बजे स्कूल की तरफ जा जा रही थी। स्कूल बस भट्टू रोड पर सिवाच अस्पताल के सामने पहुंची तो गाड़ी के इंजन में से धुंआ निकलने लगा। चालक ने वैन को रोका और विद्यार्थियों को नीचे उतार दिया। वैन में करीब 10 विद्यार्थी सवार थे। इस दौरान स्कूल की ही दूसरी बस पहुंची। इस बस से बच्चों को स्कूल भेजा गया।
महेंद्रगढ़ के कनीना में पिछले साल हुए हादसे के बाद आरटीए ने स्कूल वैनों की जांच करने का अभियान शुरू किया था। जांच के दौरान अधिकतर बसों की जांच भी हुई और खामियां भी मिली थी। इस बार आरटीए कार्यालय ने स्कूलों में जाकर बसों को जांचने का अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। आरटीए सचिव संजय बिश्नोई की तरफ से टीम गठित की गई है। टीम स्कूलों में जाएगी और दस्तावेज से लेकर बसों के अंदर लगे उपकरणों की जांच करेगी।
सूचना मिली थी कि स्कूल वैन में आग लग गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल में पहुंचकर घटना की जानकारी ली है। सभी विद्यार्थी सुरक्षित हैं। स्कूलों को निर्देश दिए गए है कि बसों की समय-समय पर चेक करवाएं। गर्मी के मौसम को देखते हुए इंजन की जांच करवाते रहें। आरटीए और शिक्षा विभाग की तरफ से स्कूल बसों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। - संगीता बिश्रोई, जिला शिक्षा अधिकारी