फतेहाबाद के अस्पताल में दाखिल घायल ई-रिक्शा चालक स्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। एमएम कॉलेज के पास निजी स्कूल की बस और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। इससे ई-रिक्शा चालक घायल हो गया। आरोप है कि इसके बाद स्कूल बस के ड्राइवर और उसके साथियों ने हाथापाई करते हुए ई-रिक्शा की बैटरियां भी तोड़ दी। घायल ई-रिक्शा चालक को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
घायल युवक कृष्ण ने बताया कि वह ई-रिक्शा लेकर बाजार की तरफ जा रहा था। उसके आगे चल रही स्कूल बस के ड्राइवर ने अचानक से ब्रेक लगा दी। जिससे ई-रिक्शा बस की पिछली साइड में भिड़ गई। इससे उसके चेहरे पर चोट लगी और खून निकलने लगा। वह तत्काल अस्पताल आया और ट्रीटमेंट लेकर वापस ई-रिक्शा के पास गया तो ड्राइवर अपने चार-पांच अन्य साथियों को लेकर आया।
उन्होंने उसकी रिक्शा की बैटरी तोड़ दी। कृष्ण का आरोप है कि ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ आकर गुंडागर्दी दिखाई। इसके बाद आसपास के लोगों ने बीचबचाव किया। इसी बीच डायल 112 की टीम को भी सूचना दी गई।
- बसों के नियमित जांच की मांग
गांव बड़ोपल निवासी सुंदर सिंह ने उपायुक्त डॉ. विवेक भारती को मांग पत्र देकर स्कूल बसों की जांच की मांग की है। सुंदर ने बताया कि 2 अप्रैल को आरटीओ को शिकायत दी गई थी कि स्कूल बसों की जांच कर परमिट जांचे जाएं। कई बसों में न तो कैमरे लगे हैं और सीटों से ज्यादा बच्चे बिठाए जा रहे हैं लेकिन अधिकारी जांच नहीं कर रहे है बल्कि शिकायत करने वालों पर ही दबाव डाला जा रहा है।