शहर के पीएम श्री कन्या वरिष्ठ विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों की जा
फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आयोजित कक्षा दसवीं की वार्षिक परीक्षाओं के क्रम में शनिवार को वैकल्पिक विषय संस्कृत, शारीरिक शिक्षा और पंजाबी की परीक्षा का आयोजन किया गया। जिले के निर्धारित 64 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और नकल रहित माहौल में संपन्न हुई।
पीएम श्री कन्या राजकीय वरिष्ठ विद्यालय परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते विद्यार्थियों पायल, यशवी, स्वीटी और पूर्णा आदि ने बताया कि परीक्षा सही रही। परीक्षार्थियों का कहना था कि प्रश्न पाठ्यक्रम के भीतर से ही पूछे गए थे और संस्कृत विषय में व्याकरण का भाग काफी स्कोरिंग था। समय रहते सभी प्रश्न हल होने के कारण विद्यार्थियों में परिणाम को लेकर काफी उत्साह नजर आया।
कड़े सुरक्षा प्रबंध और निगरानी
प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकलरहित संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिले के 13,288 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने विशेष रणनीति अपनाई थी। जिले के संवेदनशील केंद्रों और सामान्य निगरानी के लिए हरियाणा सिविल सेवा स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बोर्ड के विशेष उड़नदस्तों और उपायुक्त की ओर से गठित टीमों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जमा न होने देने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा।