भूना। पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय उर्फ संजू निवासी भूना को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
थाना भूना प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि 27 नवंबर 2025 को एएसआई प्रेम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भूना–फतेहाबाद रोड पर मन्नत होटल के पास गश्त के दौरान रवि निवासी वाल्मीकि मोहल्ला को 6.19 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ के बाद अब पुलिस ने मुख्य सप्लायर संजय उर्फ संजू गिरफ्तार किया है।
-
हेरोइन तस्करी मामले में मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
टोहाना। शहर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी मामले में मुख्य सप्लायर भाटिया नगर निवासी निखिल उर्फ नोनू को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी मामले में पुलिस एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। थाना शहर प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि 21 जनवरी को टीम ने नया बाईपास टोहाना–डांगरा रोड टी-प्वाइंट से गिल्ला वाली ढाणी निवासी गुरदीप को 6.81 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने अब निखिल उर्फ नोनू को गिरफ्तार किया है। संवाद
-
6.68 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी काबू
रतिया। पुलिस की एएनसी सेल ने बाईपास टी-प्वाइंट पर राजीव नगर, हिसार निवासी अमन उर्फ सेठी को 6.68 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। एएनसी सेल प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र ने बताया कि रतिया-बाईपास टी-प्वाइंट पर गश्त के दौरान पुलिस की गाड़ी देखकर अमन उर्फ सेठी घबरा गया और तेज कदमों से जाने लगा। शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली गई, जिसमें उसकी जेब से 6.68 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद