फतेहाबाद/रतिया। आठ आपराधिक मामलों में नामजद और पांच हजार रुपये का इनामी आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सीआईए रतिया की टीम ने बदमाश संदीप कुमार निवासी गांव सिधानी को दो अवैध पिस्तौल और तीन कारतूस के साथ काबू किया।
आरोपी के खिलाफ थाना सदर रतिया में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीएसपी क्राइम राजीव कुमार ने पत्रकारवार्ता में बताया कि 29 अक्तूबर को सीआईए रतिया की टीम गांव चिम्मो से घासवा रोड की ओर जा रही थी।
इसी दौरान एक युवक ने पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके पास से पिस्तौल और कारतूस मिले। पुलिस ने दोनों पिस्तौल और तीनों कारतूस कब्जे में ले लिए।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी संदीप कुमार का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में छह और पंजाब में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की दो प्राथमिकी दर्ज हैं। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।