फतेहाबाद। मानसून के चलते जहां बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है वहीं पानी की गुणवत्ता पर भी असर की आशंका है। बारिश के कारण पानी में होने वाले बदलाव जांचने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग एक अक्तूबर से पानी के सैंपल लेना शुरू करने जा रहा है।
जिले के 394 सोर्स पर विभाग पानी के सैंपल लेगा और भौतिक व रासायनिक परीक्षण करेगा। अगर पानी का सैंपल फेल मिलता है तो दोबारा जांच होगी। अगर फिर भी फेल मिलता है तो सोर्स प्वाइंट को बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दूषित पानी पीने से से पेट संबंधित कई बीमारियां होने का खतरा रहता है। फिलहाल हालात ये है कि वायरल के साथ अस्पतालों में डायरिया के केस भी बढ़ रहे हैं। चिकित्सक पानी उबालकर पीने की सलाह दे रहे हैं।
जिले में दो बार विभाग ये सैंपल लेता है। मानसून से पहले विभाग ने 105 सैंपल लिए हैं। इसमें ढाणी ईसर का सैंपल फेल मिला था। ऐसे में अब विभाग यहां पर नहरी पानी सप्लाई का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय को भेज चुका है।
15 मानकों की होगी जांच
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की माने तो ट टयूबवेल और नहरी पानी सप्लाई दोनों के ही सैंपल लिए जाएंगे। विभाग सैंपल के 15 मानकों पर जांच करेगा। जिसमें हार्डनेस, कैल्शियम, मैग्निशियम, कलर, टेस्ट, आयरन, सल्फेट, फ्लोराइड मुख्य रूप से शामिल होंगे।
बीटी के 75 सैंपल मिल चुके है फेल :
जनस्वास्थ्य विभाग एक अप्रैल से लेकर जुलाई माह तक 1245 सैंपल बैक्टीरियालॉजिकल के ले चुका है। इस दौरान 75 सैंपल असुरक्षित मिले हैं। मिक्सिंग के कारण सैंपल फेल आता है। अधिकारियों की माने तो सैंपल असुरक्षित मिलने पर लीकेज जगह को ठीक करवाया जाता है और फिर सैंपल लिया जाता है।
-
डायरिया के मिल चुके हैं ये केस
वर्ष डायरिया केस मिले
2021 1062
2022 1273
2023 1572
2024 621 (अप्रैल तक)
डायरिया से बचना है तो इन बातों का रखें ध्यान
- बाहर का खाना खाने से बचें
- खाना खाने से पहले व बाद में साबुन से हाथ धोएं
- साफ पानी पीएं, जरूरत पड़े तो पानी को उबालकर पीएं
- कटे-फटे व छिले हुए फलों का सेवन न करें
- फल व सब्जियों को धोकर इस्तेमाल करें
- खाने को पूरी तरह पकाकर खाएं।
- अधपके खाने का इस्तेमाल न करें
- बासी खाना न खाएं
- आसपास साफ सफाई का ध्यान रखें
- बीमार होने की स्थिति में तुरंत डॉक्टर से सलाह लें
ओपीडी पहले की तुलना में बढ़ी है, बुखार के साथ-साथ डायरिया के केस भी बढ़ रहे हैं। डायरिया कई कारणों से हो सकता है। ऐसे में पानी को उबालकर ठंडा करके पीएं। इन दिनों मच्छर पनप रगे हैं जिनसे डेंगू फैलने का खतरा भी रहता है। ऐसे में लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। - डॉ. मनीष टुटेजा, विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।
जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा सोर्स प्वाइंट से मानसून से पहले और बाद में पानी के सैंपल लिए जाते हैं। इसके बाद ही समीक्षा होती है कि पानी में कितना बदलाव आया है और वह पीने लायक है या नहीं है। एक अक्तूबर से विभाग द्वारा सैंपल लिए जाएंगे। - सतपाल रोज, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग(