समैन। गांव समैन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रही खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बॉक्सिंग में समैन की महिला खिलाड़ियों का दबदबा रहा। बॉक्सिंग खेलो का शुभारंभ स्कूल के प्रिंसिपल सुशील कुमार गुप्ता ने किया।
स्कूल के डीपीई जरनैल गिल ने बताया कि लड़कियों के बॉक्सिंग के खेल मुकाबलों में टोहाना खंड के अलग अलग स्कूलों से 50 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बॉक्सिंग के खेल मुकाबलों में अंडर- 17 व अंडर 19 के अलग अलग भारवर्ग में खेल मुकाबले हुए। इन मुकाबलों में अंडर 17 में 42 से 44 किलो भारवर्ग में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की बॉक्सिंग खिलाड़ी हरप्रीत ने प्रथम स्थान हासिल किया। 52 से 54 किलो भारवर्ग के खेल मुकाबले में गांव अमानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की खिलाड़ी सिमरन ने प्रथम स्थान हासिल किया।
अंडर 19 के खेल मुकाबलों में -45 किलोग्राम भारवर्ग में गांव समैन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की खिलाड़ी मनीषा ने प्रथम स्थान हासिल किया। 45 से 48 किलो भारवर्ग में भी गांव समैन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की खिलाड़ी भतेरी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा 60 से 64 किलोग्राम भारवर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समैन की खिलाड़ी मुस्कान ने प्रथम स्थान हासिल किया।