भट्टू रोड पर एचटी पोल पर लगाई जा रही रबड़ की तार।
फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड क्षेत्र में वीरवार को बिजली की जली हुई तार को बदलने का काम किया गया। इससे भट्टू रोड क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी करीब 5 घंटे तक बंद की गई। केबल जलने से बाधित रही बिजली आपूर्ति को शाम चार बजे बहाल किया गया। इससे लोगों को हल्की परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि ठंड जारी होने के चलते इन दिनों बिजली खपत कम है। ऐसे में इनवर्टर आदि से काम चलाना पड़ा।
भट्टू रोड स्थित टॉवर लाइन की मुख्य केबल में तकनीकी खराबी कारण आग लग गई थी। लाइन जलने के तुरंत बाद पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। ठंड और कोहरे के बीच 5 घंटे तक बिजली न रहने से स्थानीय निवासी रोहतास, नरेश और दुकानदार लक्ष्य आदि को परेशानी का सामना करना पड़ा। पेयजल आपूर्ति पर भी इसका असर देखा गया। भट्टू रोड के क्षेत्र अग्रवाल कॉलोनी गीता कॉलोनी और अंजली कॉलोनी में शाम 5 बजे के बाद पानी की आपूर्ति छोड़ी गई।
कर्मचारियों ने तुरंत किया काम : बिजली निगम को सूचना मिलते कर्मचारी मौके पर पहुंचें। पुरानी जली हुई केबल को पूरी तरह हटा दिया गया और उसकी जगह नई उच्च क्षमता वाली केबल बिछाई गई। निगम के तकनीकी कर्मचारियों ने बताया कि टॉवर पर केबलिंग का काम करने के लिए क्रेन मशीन की मंगवानी पड़ी थी, जिससे काम में थोड़ा समय लग गया।