फतेहाबाद। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों में प्रवेश दिलाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा मांगी गई आरटीई सीटों की जानकारी में 12 स्कूलों ने लापरवाही बरती है। निर्धारित समय सीमा के बाद भी सूचना नहीं देने पर ऐसे स्कूलों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
जिले के 254 निजी स्कूलों में से 242 स्कूलों ने रिपोर्ट जमा कर दी है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इन स्कूलों में कुल 1953 सीटें घोषित की गई हैं। इनमें नर्सरी की 708, एलकेजी की 102, यूकेजी की 240 तथा पहली कक्षा की 903 सीटें शामिल हैं। प्रदेश स्तर पर 9230 स्कूलों में से 8529 ने जानकारी दी, जबकि 701 स्कूलों ने सीटों का विवरण नहीं भेजा। राज्यभर में कुल 66,241 आरटीई सीटें घोषित की गई हैं।
25 प्रतिशत सीटों पर होगा दाखिला
शिक्षा विभाग ने रिक्त सीटों की जानकारी नहीं देने वाले 12 स्कूलों में एक प्राइमरी, पांच मिडल, एक हाई और पांच सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं। आरटीई नियमों के अनुसार एंट्री लेवल कक्षाओं में घोषित सीटों का 25 प्रतिशत प्रवेश लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल
25 से 30 मार्च : सीटों व दस्तावेजों का सत्यापन
31 मार्च से 7 अप्रैल : आवेदन प्रक्रिया
9 अप्रैल : ड्राॅ
10 से 23 अप्रैल : चयनित विद्यार्थियों के दाखिले
30 अप्रैल से 4 मई : प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों का प्रवेश
-
आरटीई के तहत निदेशालय ने स्कूलों से खाली सीटों की जानकारी मांगी थी। कुछ स्कूलों ने जानकारी नहीं दी है इसको लेकर निदेशालय स्तर से ही संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी होंगे।
- अनीता बाई, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।