फतेहाबाद। जिले में गेहूं और सरसों की आवक जोरों पर है। अब सरसों की आवक में कमी तो गेहूं की आवक में बढ़ोतरी होने लगी है। मगर धीमे उठान के कारण किसानों का लगभग 40 करोड़ रुपये का भुगतान अटका हुआ है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को फतेहाबाद की अनाज मंडी में सरसों की कुल खरीद 3082 क्विंटल, भट्टू की अनाज मंडी में 11,000 क्विंटल और भूना अनाज मंडी में 4700 क्विंटल खरीद की गई। सोमवार को जिले में कुल 18,782 क्विंटल सरसाें की खरीद हुई।
जिले में अभी तक हैफेड ने कुल 101730 क्विंटल सरसों खरीदी है जबकि 87,000 क्विंटल का उठान किया है। हैफेड की ओर से 49.95 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। वहीं, वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन ने सरसों की कुल खरीद 71,760 क्विंटल की है। इसमें से मात्र 18,830 क्विंटल का उठान किया गया है। वेयर हाउसिंग और हैफेड के धीमे उठान के चलते किसानों का 40 कराेड़ रुपये का भुगतान अटका हुआ है।
हैफेड ने 50,500 क्विंटल गेहूं खरीदा, उठान सिर्फ 240 क्विंटल हुआ
जिले में सोमवार तक हैफेड ने कुल 50,500 क्विंटल गेहूं की खरीद की है। मगर उठान मात्र 240 क्विंटल का किया गया है। वहीं वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन ने 68,190 क्विंटल गेहूं खरीदा है जबकि उठान सिर्फ 2110 क्विंटल का किया है। उठान में हो रही देरी के कारण किसानों को समय पर पैसा नहीं मिल पा रहा है। दूसरी तरफ मौसम में परिवर्तन के चलते मंडियों में खुले आसमान के नीचे रखी गेहूं की ढेरियों के बारिश से भीगने का डर है। भट्टू खंड के गांव पीलीमंदोरी और ढांड के खरीद केंद्र पर सोमवार को गेहूं की खरीद शुरू कर दी गई। पहले दिन पीलीमंदोरी के खरीद केंद्र पर 13,900 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है जबकि भट्टू के साइलो में 6500 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है।
-
दिनभर बनी रही बादलवाही
जिले में दिनभर बादलवाही बनी रही। सुबह से आसमान में छाए बादल किसानों को डराते रहे। हालांकि, इससे गर्मी से कुछ राहत मिली। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम सुहाना होने के कारण शहरी क्षेत्र में पार्कों में रौनक बनी रही।