गांव भिरड़ाना में गिरी मजदूर हरमीत के कमरे की छत।
फतेहाबाद। गांव भिरड़ाना में वीरवार को बेटी की शादी के लिए बरात आनी है। घर के लोग बरातियों के स्वागत और जश्न की तैयारी में जुटे हुए थे। इस बीच बुधवार अलसुबह बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई मजदूर के घर के कमरे की छत गिर गई। हादसे के दौरान मजदूर अपने साढू व एक अन्य के साथ इसी कमरे में सोया हुआ था। हादसे में मजदूर व उसके साढू को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन बेटी के विवाह में दिए जाने वाला ट्रंक व अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
फतेहाबाद के गांव भिरड़ाना निवासी हरमीत सिंह दिहाड़ी मजदूरी करके अपना परिवार पाल रहा है। उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां व दो बेटे हैं। हरमीत सिंह ने की बड़ी बेटी की कल शादी है। शादी को लेकर घर में पूरी तैयारियां चल रही थी और उनके घर रिश्तेदार भी आए हुए थे। हरमीत सिंह विवाह की तैयारियों के बाद रात को अपने साढू व एक अन्य रिश्तेदार के साथ कमरे में सो गया। बताया गया है कि इस कमरे की छत पिछले दिनों हुई बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी।
बुधवार अलसुबह करीब तीन बजे उसके कमरे की छत भरभरा कर गिर गई। गनीमत रहा कि हरमीत व उसके साढू को अधिक चोटें नहीं आई, लेकिन घर सामान क्षतिग्रस्त होगया। इसी कमरे में हरमीत की बेटी को शादी के में देने के लिए बड़ा ट्रंक रखा हुआ था, वह भी तहस-नहस हो गया। हरमीत सिंह ने बताया कि उसने इधर-उधर से अपनी बेटी की शादी के लिए रुपये एकत्रित किए थे। कमरे में सामान पड़ा था, नष्ट हो गया है। बरात छह अप्रैल को आएगी, लेकिन वह किसी तरह से बरातियों के स्वागत का प्रबंध करेंगे।