खालसा त्रिशताब्दी राजकीय महाविद्यालय में क्षयरोग पर जागरूकता कार्यक्रम टीबी कार्यक्रम के जिला
रतिया। खालसा त्रिशताब्दी राजकीय महाविद्यालय में स्वास्थ्य विभाग और महाविद्यालय के युवा रेडक्रॉस क्लब की ओर से क्षयरोग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री के टीबीमुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग टीबीमुक्त भारत अभियान चला रहा है।
अभियान के तहत टीबी कार्यक्रम के जिला संयोजक सुशील बिश्नोई ने विद्यार्थियों को टीबी के कारण, लक्षण, उपचार और बचाव के उपाय बताए। उन्होंने स्वच्छता, उचित पोषण, स्वस्थ दिनचर्या बताई। संक्रामक बीमारियों से बचाव और संतुलित भोजन के टीबी से बचाव का महत्व बताया।
उन्होंने कहा कि टीबी मरीज के इलाज के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुफ्त जांच और 1,000 रुपये प्रति माह पोषण भत्ता दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर प्रो. कृष्ण लाल, प्रो. कुलदीप सिंह, प्रो. पूनम कौर सोनी, कपिल कुमार और स्वास्थ्य विभाग के धर्मशील शुक्ला आदि मौजूद थे।