फतेहाबाद। अधिकारी सुस्त हैं और ठेकेदार मनमर्जी चला रहे हैं। नतीजतन, जनता बेहाल हो रही हैं। शहर में सड़कें कहीं खोद कर तो कहीं तोड़कर छोड़ दी गई हैं। किसी सड़क को तोड़ने के बाद एक महीने तो किसी को दो महीनों से नहीं संभाला गया है। इससे गली-मोहल्लो में रहने वाले शहरवासियों के लिए आफत बन गई है। इन सड़कों के अधूरे कार्यों को पूरा करवाने में न अधिकारी दिलचस्पी ले रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधि।
शहर के बीघड़ रोड पर बसे जगजीवनपुरा में भी हाल बेहाल हो चुका है। जनस्वास्थ्य विभाग ने सही पड़ी गलियों में पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोद दी। किसी गली में बीचोंबीच तो किसी में एक साइड से सड़क खोदी गई। पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। मगर अब इन गलियों की कोई सुध नहीं ली जा रही है। रिपेयरिंग तो दूर की बात, गलियों में पड़ी मिट्टी उठाने की भी जहमत नहीं हो रही है। इस वजह से गली से गुजरने वाले हर वाहनचालक को परेशानी झेलनी पड़ती है। सड़क के बीचोंबीच निर्माण सामग्री अैार मलबे के कारण कुछ गलियों से तो सिर्फ दोपहिया वाहन ही निकल रहे हैं, बाकी वाहन जा ही नहीं पा रहे हैं।
रतिया चुंगी से हांसपुर पुल तक भी यही हाल
इसी तरह का हाल रतिया चुंगी से हांसपुर पुल तक जाने वाली सड़क का भी है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग के अधीन आती है। काफी समय से लोक निर्माण विभाग इस सड़क का निर्माण नहीं करवा रहा है। जिस कारण नगर परिषद हाउस में हर बार सड़क को रिपेयर करने की बात उठती है। जैसे ही सड़क को रिपेयर किया जाता है, कुछ दिनों के बाद ही इस सड़क का वही हाल दोबारा बन जाता हैं। इससे इस सड़क पर सफर करने वाले हजारों लोगों को रोजाना समस्या से जूझना पड़ता है।
कोट
जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा तीन महीने पहले जगजीवनपुरा मोहल्ले के कुछ गलियों में पाइप लाइन डाली गई है, लेकिन पाइप लाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत सही ढंग से नहीं की गई और काफी दिनों से काम भी बंद पड़ा है। इसको लेकर मैंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पत्र भी लिखा है।
-मोहन लाल नारंग, पार्षद, नगर परिषद फतेहाबाद
कोट
रतिया चुंगी से हांसपुर गांव तक सड़क को चौड़ा करने का काम चल रहा है। रतिया चुंगी से हांसपुर पुल तक सड़क का निर्माण जल्द पूरा हो जाएगा। लोगों की काफी पुरानी समस्या खत्म हो जाएगी।
- संदीप सचदेवा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग फतेहाबाद